गैरसैंण महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव को लेकर प्रत्याशियों ने किया नामांकन दाखिल।
पहली बार यूएसएफ़ (यूकेडी समर्थित) प्रत्याशी भी मैदान में,एनएसयूआई को नहीं मिल पाए एक भी प्रत्याशी।
गैरसैंण:-24 सितंबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत.
राजकीय महाविद्यालय गैरसैंण में छात्रसंघ चुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न पदों पर प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो गई है। अध्यक्ष पद पर यूकेडी के अनुसांगिक छात्र संगठन यूएसएफ (उत्तराखंड स्टूडेंट फेडरेशन) के मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। एनएसयूआई द्वारा कोई भी प्रत्याशी न उतारने के कारण इस बार एबीवीपी और यूएसएफ़ समर्थित प्रत्याशियों के बीच ही मुकाबला देखने को मिलेगा। गुरुवार को एबीवीपी और यूएसएफ़ प्रत्याशियों ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पदों सहित अन्य पदों के लिए नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया।
भाजपा के अनुसांगिक छात्र संगठन एबीवीपी से अध्यक्ष पद के लिए नरेश सिंह,उपाध्यक्ष पद के लिए मोहित कुमार,सचिव पद के लिए मोनिका,सहसचिव पद के लिये रिंकी,विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए दीपक ने नामांकन किया,तो वहीं कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की रश्मि निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं।
वहीं यूकेडी के अनुसांगिक छात्र संगठन यूएसएफ़ से अध्यक्ष पद के लिए निहारिका,उपाध्यक्ष पद के लिए वंशिका,सचिव पद के लिए स्नेहा,सह-सचिव पद के लिए रिया,विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए गायत्री ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। चुनाव समिति के सदस्य विनोद फर्सवाण ने बताया कि,सभी पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं,अब नामांकन के बाद प्रत्याशियों ने भी छात्र-छात्राओं से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है। कॉलेज परिसर में चुनावी चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है।
वहीं नामांकन के दौरान दिलचस्प बात भी देखने को मिली जहां पहली बार यूकेडी के अनुसांगिक छात्र संगठन (यूएसएफ़) ने चुनाव में दावेदारी पेश की तो वहीं उत्तराखंड में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के अनुसांगिक छात्र संगठन (एनएसयूआई) को एक भी पद के लिए प्रत्याशी नही मिल पाया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। चुनाव निर्धारित नियमों एवं छात्रसंघ निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार कराया जाएगा। शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए पुलिस प्रशासन को भी अवगत कराया गया है। उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय गैरसैंण में कुल 343 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों,नेतृत्व क्षमता,जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।उन्होंने सभी प्रत्याशियों से महाविद्यालय की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने की अपील की। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। अब सभी की नजरें चुनाव प्रचार और मतदान की आगामी प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।
बता दें कि,26 तारीख को नाम वापसी और 29 सितंबर को चुनाव होने हैं उसी दिन शाम तक चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिये जाएंगे। महाविद्यालय गैरसैण में वर्तमान में 343 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं जिसमे से 275 छात्राएं और 68 छात्र हैं। जो छात्र संघ चुनाव के दावेदारों के भाग्य का फैंसला करेंगे।
