देहरादून महिला अपहरण कांड का खुलासा: 19 साल की युवती गिरफ्तार,पैसों के विवाद में रची गई थी साजिश।

देहरादून महिला अपहरण कांड का खुलासा: 19 साल की युवती गिरफ्तार,पैसों के विवाद में रची गई थी साजिश।

देहरादून:-26 सितंबर 2026

देहरादून के सहस्रधारा रोड पर महिला को जबरन कार में बैठाने की कोशिश के मामले में पुलिस ने शनिवार को एक 19 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक,पूछताछ के बाद इस घटना के पीछे पैसों से जुड़ा विवाद सामने आया है। मामले में चार अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। इससे पहले 23 सितंबर की सुबह नालापानी चौक के पास एक महिला को काले रंग की कार सवार लोगों द्वारा कथित तौर पर जबरन वाहन में बैठाने की कोशिश का वीडियो सामने आया था। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर बढ़े, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए थे।

पुलिस के अनुसार,कानन कुंज सहस्रधारा रोड निवासी सुषमा वर्मा ने 23 सितंबर को रायपुर थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 6:50 बजे नालापानी चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें जबरदस्ती कार में बैठाने का प्रयास किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर थाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध वाहन तथा उसमें शामिल लोगों के बारे में जानकारी जुटाई।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान घटना में शामिल बताई जा रही अन्नू उर्फ चाहत को सहस्रधारा रोड से गिरफ्तार किया गया। उसकी उम्र 19 वर्ष बताई गई है। पूछताछ में पुलिस को घटना में चार अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली। इनमें दीपक, सुशांत उर्फ लक्की, आदित्य वशिष्ठ और प्रियांशु के नाम सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, ये चारों फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश में अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं।

पुलिस की पूछताछ के अनुसार,अन्नू और दीपक पिछले करीब दो वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और दोनों अपना कारोबार शुरू करना चाहते थे। इसी सिलसिले में उनकी मुलाकात सुषमा वर्मा से हुई थी।पुलिस के मुताबिक, अठूरवाला-भानियावाला क्षेत्र में 11 गायों वाली डेयरी को चलाने का सौदा 7.50 लाख रुपये में हुआ था। आरोप है कि सौदे के तहत 5 लाख रुपये नकद और 2.50 लाख रुपये का चेक दिया गया था। उन्हें बताया गया था कि डेयरी की गायों से रोजाना करीब 150 लीटर दूध उत्पादन होगा। बाद में दूध का उत्पादन उम्मीद के मुताबिक नहीं होने पर दोनों पक्षों के बीच पैसों को लेकर विवाद बढ़ गया। पुलिस का कहना है कि अन्नू और उसके साथियों ने अपनी रकम वापस मांगी,लेकिन भुगतान को लेकर विवाद बना रहा।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अन्नू ने बताया कि कथित तौर पर लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव के कारण सुषमा को डराने की योजना बनाई गई। इसके लिए कारगी चौक के पास से काले रंग की स्विफ्ट कार किराये पर ली गई थी। कार लेने के लिए गारंटी के तौर पर अन्नू की स्कूटी रखे जाने की बात भी पूछताछ में सामने आई। पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले आरोपी अपने कुछ साथियों से मिलने हरिद्वार के रोशनाबाद गए थे। इसके बाद वे देहरादून लौटे और 23 सितंबर की सुबह योजना के अनुसार सहस्रधारा रोड पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, कार से दीपक, आदित्य और लक्की नीचे उतरे और महिला को डराने के उद्देश्य से उसे रोकने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने और आसपास लोगों के आने के कारण आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सामने आए CCTV फुटेज में भी महिला को रोकने और कार की ओर ले जाने की कोशिश दिखाई दी थी। शुरुआती जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के कैमरों की फुटेज के आधार पर वाहन और संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया था।

पुलिस के अनुसार मामले में वांछित बताए गए चार लोगों की तलाश जारी है। इनके नाम हैं-दीपक, विष्णु लोक कॉलोनी, ज्वालापुर, हरिद्वार। सुशांत उर्फ लक्की,ग्राम डोब, देवप्रयाग क्षेत्र, टिहरी गढ़वाल। आदित्य वशिष्ठ औरंगाबाद, सिडकुल, हरिद्वार। प्रियांशु नगला अहमद, मंगलौर, हरिद्वार। पुलिस अब आरोपियों की भूमिका,घटना की पूरी योजना और पैसों से जुड़े विवाद के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई गिरफ्तार युवती से पूछताछ और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!