गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर यूकेडी (डेमोक्रेटिक) मुखर,दिवालीखाल में केंद्रीय कार्यालय का किया उद्घाटन।
आशीष नेगी के समर्थकों पर मारपीट की कोशिश और धमकी देने के आरोप,पुलिस में कराई शिकायत दर्ज।
गैरसैंण:-11 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट:-पुष्कर सिंह रावत
उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण बनाने की मांग को लेकर यूकेडी डेमोक्रेटिक ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। उत्तराखंड क्रांति दल (डेमोक्रेटिक) के केंद्रीय अध्यक्ष बलवेंद्र सिंह नेगी, केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आशुतोष नेगी,केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संतोष भंडारी के संयुक्त नेतृत्व में भुवनेश्वरी आश्रम गैरसैंण के सभागार में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित हुई,जिसमे आगामी चुनावों की रणनीति,पार्टी के घोषणा पत्र और संगठन विस्तार पर चर्चा की गई। इस दौरान नए पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए।इस दौरान यूकेडी डेमोक्रेटिक ने गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी घोषित करने की मांग दोहराते हुए दिवालीखाल में पार्टी के केंद्रीय कार्यालय का भी उद्घाटन किया।
इस दौरान यूकेडी डेमोक्रेटिक के नेताओं ने यूकेडी के युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी और उनके समर्थकों पर गाली-गलौज,अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने,जान से मारने की धमकियां देने व मारपीट की कोशिश करने के गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली गैरसैंण में शिकायती पत्र देकर कार्यवाही करने की मांग की।
यूकेडी डेमोक्रेटिक के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आशुतोष नेगी ने कहा कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाना उनकी पार्टी की प्रमुख मांग है और इसी उद्देश्य से वे गैरसैंण पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि दिवालीखाल में पार्टी के केंद्रीय कार्यालय का उद्घाटन भी किया जा रहा है.वहीं,उन्होंने आरोप लगाया कि यूकेडी नेता आशीष नेगी ने उन्हें गैरसैंण आने पर देख लेने की धमकी दी थी। इसके अलावा,उनके अनुसार,आदिबद्री में आशीष नेगी के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि इस मामले में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष बलवेंद्र सिंह नेगी की ओर से पुलिस कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है।
आशुतोष नेगी ने कहा कि उन्होंने उत्तराखंड डेमोक्रेटिक एलायंस का गठन किया है, जिसमें स्वाभिमान मोर्चा समेत कई क्षेत्रीय राजनीतिक दल शामिल हैं। गठबंधन का उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ना है। उन्होंने यूकेडी छोड़ने के फैसले पर कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी की भूमिका को लेकर उन्हें आपत्ति रही है। आरोप लगाया कि चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और जागेश्वर समेत कई सीटों पर कमजोर प्रत्याशी उतारकर यूकेडी को नुकसान पहुंचाने की रणनीति अपनाई जा रही है।आशुतोष नेगी ने यूकेडी के वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने टिकट वितरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ सीटों पर समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी कई सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने पर विचार कर रही है और उम्मीदवारों की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।उन्होंने कहा कि गैरसैंण में केंद्रीय कार्यालय स्थापित कर पार्टी की गतिविधियां यहीं से संचालित की जाएंगी।
वहीं, यूकेडी डेमोक्रेटिक के केंद्रीय अध्यक्ष बलवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि यूकेडी और यूकेडी डेमोक्रेटिक दोनों क्षेत्रीय राजनीतिक दल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यूकेडी के विधानसभा प्रत्याशी आशीष नेगी की ओर से लगातार धमकियां दी जा रही हैं और इस तरह का माहौल बनाना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति और संगठन को अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाने का अधिकार है। उनकी पार्टी की प्रमुख मांग गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित करना है।
पार्टी नेता संतोष भंडारी ने बताया कि संगठन का दो दिवसीय अधिवेशन गैरसैंण में आयोजित किया जाना था। उन्होंने आरोप लगाया कि गैरसैंण पहुंचने से पहले आदिबद्री में उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की गई और गैरसैंण में कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर भी धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। संतोष भंडारी ने कहा कि पार्टी कार्यालय खोलना उनका संवैधानिक अधिकार है और वे किसी भी तरह की धमकी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड डेमोक्रेटिक एलायंस में विभिन्न क्षेत्रीय राजनीतिक दलों को एकजुट करने का प्रयास किया जा रहा है। उनके अनुसार,गठबंधन में 60 राजनीतिक दलों को शामिल करने की पहल की गई है, जिनमें से 30 दल गठबंधन के साथ आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि यूकेडी को भी एलायंस में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया था, लेकिन उनके मुताबिक यूकेडी की राजनीतिक भूमिका भाजपा को लाभ पहुंचाने वाली है। उन्होंने यूकेडी को भाजपा की ‘बी टीम’ बताते हुए आरोप लगाए।
इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ अक्षित बर्त्वाल,केंद्रीय उपाध्यक्ष यश नेगी,रोहित डंडरियाल,रघुवीर सिंह भाकुनी,अर्जुन सिंह नेगी,रविन्द्र सिंह,ऋषभ नेगी,अबल सिंह भंडारी,जगदीश चंद भगत,पंकज भट्ट,पी.एस लटवाल आदि मौजूद रहे।
