खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त हुई सरकार,UPES की मेस-कैफेटेरिया का निरीक्षण।
नमूने लिए, दस्तावेज जांचे,छात्रों की सेहत से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त।
देहरादून:- 16 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार खाद्य सुरक्षा को लेकर लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में शुक्रवार को देहरादून स्थित यूपीईएस (UPES) विश्वविद्यालय के मेस और कैफेटेरिया का खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) विभाग की टीम ने निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य मंत्री के दिशा-निर्देशों और आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर खास नजर रखी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान टीम ने विश्वविद्यालय के मेस और कैफेटेरिया में खाद्य लाइसेंस, पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और फूड सेफ्टी ट्रेनिंग संबंधी दस्तावेजों की जांच की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित कागजात उपलब्ध कराए। साथ ही पानी, पकी हुई दाल और सब्जी के नमूने भी प्रयोगशाला जांच के लिए एकत्र किए गए। रिपोर्ट आने के बाद यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बड़ी संख्या में विद्यार्थी रोज मेस और कैफेटेरिया में भोजन करते हैं। ऐसे में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन उनके स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभाग की ओर से स्पष्ट संदेश है कि छात्रों को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा।
आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार आम जनता को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शैक्षणिक संस्थानों की मेस और कैफेटेरिया में मानकों का पालन विशेष रूप से जरूरी है। निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों, स्वच्छता व्यवस्था और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।
निरीक्षण टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर मंजू तिवारी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम देहरादून रमेश सिंह सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। आयुक्त के निर्देश पर प्रदेशभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण अभियान जारी है।
