आगरचट्टी इंटर कॉलेज में विज्ञान वर्ग के विषयों को मंजूरी,गैरसैंण क्षेत्र में पेयजल योजनाओं के लिए 1.19 करोड़ स्वीकृत-अनिल नौटियाल
मेहलचौरी क्षेत्र की महत्वाकांक्षी भैरवगढी पेयजल पंपिंग योजना की स्वीकृति कर उम्मीद
वन भूमि की स्वीकृति मिलते ही खत्म होगा ग्रामीण सड़कों का इंतजार
मेहलचौरी (गैरसैंण):-26 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट-प्रेम संगेला
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण क्षेत्र का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, यह बात कहते हुए कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने बताया की क्षेत्र में पेयजल संकट के समाधान ,शिक्षा सुविधाओं के विस्तार ओर सडक सुविधाओं की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं । जानकारी देते हुए बताया की गैरसैंण नगर के सलियाणा वार्ड में 64 लाख ओर रिखोली में 55.64 लाख रुपये की धनराशि पेयजल योजनाओं के लिए स्वीकृत की गई है ।
जबकि कुछ माह पूर्व ही गैरसैंण नगर के लिए सिलकोट से छह करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना का निर्माण किया गया था ।जिससे गैरसैंण की वर्षों पुरानी पेयजल किल्लत से निजात मिल गयी है।
विधायक ने बताया कि मेहलचौरी न्याय पंचायत के अंतर्गत कुनीगाड़ क्षेत्र की 5 ग्राम पंचायतों सहित,पांडुवाखाल, सिलंगा, रंगचौणा और हरगढ़ ग्राम पंचायतों के लगभग 50 गांवों की पेयजल की समस्या को देखते हुए रामगंगा नदी से महत्वाकांक्षी भैरवगढ़ी पंपिंग पेयजल योजना का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है,जिस पर वन विभाग की स्वीकृति मिलते ही निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज आगरचट्टी में विज्ञान वर्ग के चार विषयों को भी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इससे विद्यालय में अध्ययनरत विभिन्न दूरस्थ गांवों के विद्यार्थियों को विज्ञान वर्ग की पढ़ाई के लिए गैरसैंण और मेहलचौरी की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। विधायक ने बताया कि क्षेत्र की कुछ सड़कें वन भूमि स्वीकृति के इंतजार में हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं । कोठा -दमदड , रोहिडा -देवस्थान,मेहलचौरी- सरोवर, मेहलचौरी -घनियालीगांव, लखेडी-भेडियाना की प्रस्तावित सडकों पर वन स्वीकृति मिलते ही सड़कों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
