हल्द्वानी नाबालिग दुष्कर्म मामले पर हरक सिंह रावत का भाजपा पर हमला, भाजपा महिला मोर्चा की चुप्पी पर उठाए सवाल।

हल्द्वानी नाबालिग दुष्कर्म मामले पर हरक सिंह रावत का भाजपा पर हमला, भाजपा महिला मोर्चा की चुप्पी पर उठाए सवाल।

देहरादून:- 14 नवंबर 2026

हल्द्वानी में एक नाबालिग किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले को लेकर उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। शनिवार को देहरादून स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और एनएसयूआई (NSUI) के पदाधिकारियों ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर इस घटना पर गहरा आक्रोश जताया और सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।

एबीवीपी और भाजपा पर साधा निशाना

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए हरक सिंह रावत ने कहा कि वह स्वयं गढ़वाल विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के संगठन मंत्री रहे हैं। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि जो संगठन छात्रों के चरित्र निर्माण और विकास की बात करता है,उससे जुड़े किसी पदाधिकारी द्वारा एक 16 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ ऐसा जघन्य अपराध किया जाना पूरी देवभूमि के लिए शर्मनाक और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा नेताओं को यह तय करना होगा कि वे पीड़ितों के साथ खड़े हैं या अपनी पार्टी के साथ। रावत ने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इसे ‘कंस और कौरवों की प्रवृत्ति’ वाली सरकार करार दिया।

भाजपा महिला मोर्चा की चुप्पी पर उठाए सवाल

हरक सिंह रावत ने भाजपा महिला मोर्चा की भूमिका पर भी सीधा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष तमाम अन्य मुद्दों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करती हैं, लेकिन हल्द्वानी की इस घटना पर उन्होंने अब तक चुप्पी साध रखी है। रावत ने आरोप लगाया कि इससे पहले भी अंकिता भंडारी हत्याकांड और प्रदेश के अन्य हिस्सों में हुई दुष्कर्म की घटनाओं पर महिला मोर्चा ने पीड़ितों के न्याय के लिए एक शब्द नहीं बोला। उन्होंने कहा कि अंकिता मामले में जिस कथित वीआईपी का नाम सामने आया था, केंद्र सरकार ने उसे राज्यपाल बना दिया।

खुद पर लगे आरोपों और राजनीतिक षड्यंत्र का दिया जवाब

अपने पुराने राजनीतिक और कानूनी मामलों का जिक्र करते हुए हरक सिंह रावत ने कहा कि असम की महिला से जुड़े प्रकरण में उन्होंने स्वयं नैतिकता के आधार पर मंत्री पद से इस्तीफा देकर डीएनए टेस्ट की मांग की थी। बाद में न्यायालय और केंद्र की ही सीबीआई (CBI) जांच से उन्हें क्लीन चिट मिली, जिसके बाद लैंसडाउन की जनता ने उन्हें अपना अपार समर्थन दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी छवि को धूमिल करने के लिए षड्यंत्र रचा गया और उनकी ही पिच पर खेलने की कोशिश की गई।

प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

हरक सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि 42 लोगों के सर्वोच्च बलिदान से बने उत्तराखंड में बेटियों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस और एनएसयूआई का एक-एक सिपाही पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए इस लड़ाई को पूरे प्रदेश में पूरी मजबूती के साथ लड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!