74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का मुख्यमंत्री धामी ने किया विधिवत शुभारम्भ।

74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का मुख्यमंत्री धामी ने किया विधिवत शुभारम्भ।

वरिष्ठ पत्रकार ललिता प्रसाद लखेडड़ा को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति पत्रकार सम्मान’ से मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित।

गौचर (चमोली):-14 नवंबर 2026

गौचर में शनिवार को 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलित कर सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का बैंड की मधुर धुनों, पुष्पमालाओं एवं पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में लोक संस्कृति के विविध रंग बिखेरे.जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को गौचर मेले का शुभंकर भेंट कर उनका स्वागत किया।

इस दौरान गौचर नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और कार्यप्रणाली की सराहना की. इस दौरान कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री के समक्ष सिमली बेस अस्पताल को जल्द स्वीकृति देने की प्रमुख मांग की।

मेले का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौचर मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक है। वर्ष 1943 में स्थानीय व्यापारियों, समाजसेवियों और तत्कालीन प्रशासन के सहयोग से भोटिया व्यापार मेले के रूप में इसकी शुरुआत हुई थी। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का एक महत्वपूर्ण केंद्र था, जहां ऊन, पश्मीना, जड़ी-बूटियों सहित विभिन्न स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। समय के साथ इस मेले ने अपने स्वरूप का विस्तार किया और आज यह औद्योगिक एवं सांस्कृतिक मेले के रूप में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौचर मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराता है। यह मेला प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम है। मेले हमारी लोक संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक विरासत को संरक्षित करने के साथ ही समाज को आपस में जोड़ने का कार्य करते हैं। पीढ़ियों से चली आ रही इन परंपराओं को सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का साझा दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने चमोली जनपद की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भगवान बद्री विशाल की तपस्थली, मां नंदा का मायका और विश्वविख्यात चिपको आंदोलन की जन्मभूमि है। यहां की वीर भूमि ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। सीमांत क्षेत्रों का विकास, वहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने ही गांव और क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर मिलें। कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों के माध्यम से उनकी आय में वृद्धि हो, ताकि उन्हें रोजगार के लिए मजबूरी में अपने घर और गांव से पलायन न करना पड़े। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार पर्यटन नीति, होमस्टे नीति, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि चमोली का ऊनी हस्तशिल्प, यहां की दालें, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियां केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित न रहें, बल्कि देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचें, इसके लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की गई है। इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। यह उपलब्धि केवल कारोबार का आंकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की मातृशक्ति की मेहनत, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रदेश सरकार चमोली जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। चारधाम सड़क परियोजना के माध्यम से बद्रीनाथ धाम तक सड़क संपर्क को बेहतर बनाया जा रहा है। वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से कार्य चल रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने से पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी, पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय आर्थिकी को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करते हुए प्रदेश के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार का संकल्प है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की मांगों पर भी सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित कर सभी संबंधित पक्षों को सुनने के निर्देश देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रदेश सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है। इसके लिए विकास कार्यों को गति देने के साथ ही राज्य की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय परंपराओं और जनभावनाओं का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को गौचर मेले की शुभकामनाएं देते हुए मेले को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा, ग्राम बमोथ, चमोली को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी, बिनसर पब्लिकेशन, देहरादून को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने दोनों सम्मानित व्यक्तित्वों को बधाई देते हुए पत्रकारिता, साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण की दिशा में दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें अमृत 2.0 के तहत विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखंड कर्णप्रयाग में 32.45 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना तथा मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखंड गैरसैंण में 459.32 लाख रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और स्थानीय नागरिकों को लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।

बता दें कि इस सात दिवसीय मेले में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, हस्तशिल्प एवं औद्योगिक प्रदर्शनी,खेल प्रतियोगिताओं, स्थानीय उत्पादों के प्रदर्शन और व्यापारिक गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र की प्रतिभाओं एवं उद्यमियों को विशेष मंच मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि गौचर मेले का इतिहास वर्ष 1943 से प्रारम्भ हुआ था। तत्कालीन डिप्टी कमिश्नर गढ़वाल के सुझाव पर व्यापारिक मेले के रूप में शुरू हुआ यह आयोजन आज औद्योगिक, सांस्कृतिक एवं व्यापारिक गतिविधियों के समन्वय के कारण देश-विदेश में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री जनपद चमोली भरत चौधरी, विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल,विधायक थराली भूपाल राम टम्टा, उपाध्यक्ष जलागम परिषद रमेश गड़िया, उपाध्यक्ष जड़ी-बूटी सलाहकार समिति बलबीर घुनियाल, सलाहकार बीकेटीसी चारधाम यात्रा माधव प्रसाद सेमवाल, उपाध्यक्ष उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग चन्द्रकला तिवारी,अध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद रामचंद्र गौड़, उपाध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद हरक सिंह नेगी, उपाध्यक्ष अनुसूचित जनजाति आयोग प्रेम सिंह राणा, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक लिमिटेड गजेंद्र सिंह रावत, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद गौचर संदीप नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष कर्णप्रयाग गणेश शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, ब्लॉक प्रमुख कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी, जिला महामंत्री भाजपा चमोली अरुण मैठाणी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, एसपी सुरजीत सिंह पंवार,उपजिलाधिकारी/मेला अध्यक्ष अलकेश नोडियाल,जिला महामंत्री भाजपा विनोद कनवासी,महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट एवं मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!