उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से कथित धर्मांतरण और उत्पीड़न का मामला आया सामने।

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से कथित धर्मांतरण और उत्पीड़न का मामला आया सामने।

रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर):-02 जून 2026

उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में कथित धर्मांतरण और उत्पीड़न से जुड़े एक मामले ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। एक महिला की शिकायत पर जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. महिला ने आरोप लगाया है कि उसका धर्म परिवर्तन कराया गया और शादी के बाद उसे व उसके परिवार को प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

दरअसल, एक महिला ने कथित धर्मांतरण और उत्पीड़न को लेकर जिला प्रशासन को शिकायत देते हुए गंभीर आरोप लगाए गए हैं। महिला का कहना है कि उसका धर्म परिवर्तन कराया गया था और इसके बाद उसकी शादी कराई गई। पीड़िता के अनुसार, विवाह के बाद उसे ससुराल पक्ष की ओर से लगातार मानसिक और सामाजिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके परिजनों पर भी धर्म परिवर्तन करने के लिए दबाव बनाया गया। शिकायत में कहा गया है कि परिवार के सदस्यों को विभिन्न तरीकों से प्रभावित करने और उन पर दबाव डालने का प्रयास किया गया. इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र और गदरपुर की उपजिलाधिकारी रिचा सिंह प्रशासनिक टीम के साथ पीड़िता के घर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़िता और उसके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर उनका पक्ष सुना व मामले से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं।

अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि प्रशासन द्वारा पीड़िता और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए गए हैं। साथ ही शिकायत में लगाए गए आरोपों के संबंध में आवश्यक दस्तावेज और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन मामले के हर पहलू की निष्पक्षता के साथ जांच कर रहा है और किसी भी तथ्य को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी तरह तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। यदि जांच में यह साबित होता है कि किसी व्यक्ति या समूह द्वारा जबरन अथवा अवैध तरीके से धर्म परिवर्तन कराया गया है या किसी प्रकार का दबाव बनाया गया है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल प्रशासनिक टीम मामले की गहन पड़ताल में जुटी हुई है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई तय की जाएगी। इस मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोग भी जांच के निष्कर्षों का इंतजार कर रहे हैं। अब सभी की नजर प्रशासन की जांच रिपोर्ट और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!