टिहरी के कीर्तिनगर में जंगल की आग बुझाने गई महिला की झुलसकर मौत,ग्रामीणों में आक्रोश।

टिहरी के कीर्तिनगर में जंगल की आग बुझाने गई महिला की झुलसकर मौत,ग्रामीणों में आक्रोश।

टिहरी गढ़वाल-21 मई 2026

टिहरी जिले के विकासखंड कीर्तिनगर के पैडूला क्षेत्र में जंगल की आग बुझाने गई एक महिला की वनाग्नि की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपोला निवासी 50 वर्षीय अंजू देवी बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान पैडूला के जंगलों में भीषण आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि आग फैलने पर महिला उसे बुझाने का प्रयास करने लगी, लेकिन अचानक लपटों की चपेट में आ गई,आग से उनके हाथ-पैर गंभीर रूप से झुलस गए।

ग्रामीणों ने बताया कि महिला का बेटा उस समय बाजार गया हुआ था। शाम करीब पांच बजे घर लौटने पर जब मां घर में नहीं मिली तो उसने आसपास खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल में तलाश शुरू की, जहां महिला का अधजला शव बरामद हुआ। घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को दी, लेकिन आरोप है कि विभागीय अधिकारी समय पर मौके पर नहीं पहुंचे। इसे लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। पूर्व ग्राम प्रधान पैडूला सुनय कुकशाल ने वन विभाग पर लापरवाही और असंवेदनशीलता का आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना देने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि जंगलों में लगातार बढ़ रही आग की घटनाओं के बावजूद विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा है। बताया गया कि अंजू देवी के पति का पहले ही निधन हो चुका है। महिला की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

डीएफओ नरेंद्रनगर दिगांथ नायक द्वारा अवगत कराया गया कि महिला के शव के आसपास लगभग सात-आठ किलोमीटर क्षेत्र में कहीं भी वनाग्नि की घटना नहीं हुई है।
जांच में प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हुआ कि घास में अज्ञात कारणों से आग लगने के कारण महिला की मृत्यु हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!