आफत की बारिश:जोतिर्मठ में उफान पर आया नाला,घरों में घुसा मलबा और पानी।
जोतिर्मठ (चमोली):-09 अक्टूबर 2026
उत्तराखंड से मॉनसून की विदाई भले ही हो गई, लेकिन लोगों की मुश्किल कम नहीं हो रही है। उत्तराखंड के कई जिलों में शुक्रवार को जोरदार बारिश हुई, जिसका असर सीधे तौर पर आम लोगों के जनजीवन पर पड़ा। चमोली जिले के ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) शहर में बारिश के बाद कुछ देर के लिए आपदा जैसे हालात बन गए थे।
बताया जा रहा है कि नोग मोहल्ले में होली से नरसिंह मंदिर जाने वाला नाला उफान पर आ गया था, जिससे मलबा और पानी लोगों के घरों में घुस गया। घरों में बारिश और नाले का पानी घुसने के कारण लोगों की कीमती सामान भी खराब हो गया। इसके बाद खेत-खलिहानों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रभावित परिवारों का आरोप है कि नगर पालिका को पहले ही समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई इसीलिए अब पानी लोगों के घर में घुसा। प्रभावित कमल रतूड़ी, कुशलानंद रतूड़ी, लक्ष्मण प्रसाद रतूड़ी और राजेंद्र प्रसाद रतूड़ी का कहना है कि बारिश के दौरान घरों में मलबा और पानी भर गया. परिवारों को काफी मशक्कत के बाद घरों से पानी बाहर निकालना पड़ा। पीड़ितों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर पहले भी नगर पालिका को सूचना दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं, सुनील वार्ड के सभासद प्रदीप पंवार ने बताया कि नाले की समस्या को लेकर नगर पालिका की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखा गया था। उन्होंने आशंका जताई थी कि नाले में लीकेज होने से कभी भी परेशानी खड़ी हो सकती है. सभासद के मुताबिक नाले को जल्द ठीक कराया जाएगा. फिलहाल, बारिश के बाद हुए नुकसान ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश का ये हाल सिर्फ पहाड़ के जिलों में ही देखने को नहीं मिला, बल्कि मैदानी इलाकों में बारिश ने आज जमकर तांडव मचाया है. हरिद्वार में शनिवार सुबह को हुई झमाझम बारिश के बाद शहर में कई जगहों पर जलभराव हुआ था। इसके हरिद्वार में तो सुबह ओले भी गिरे थे। बारिश के बाद उत्तराखंड में तापमान काफी गिरा है, जिसने लोगों को अभी से ठंड का एहसास करा दिया है।
