केदारनाथ हाईवे पर हादसा,दो लोगों की मौके पर दर्दनाक मौत।
रुद्रप्रयाग:-17 जुलाई 2026
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ हाईवे पर गुरुवार रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। फाटा-बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली (चंडिका धार) के पास एक डंपर अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में डंपर सवार संजय राणा (45) और मोहन की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चीख-पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद SDRF, NDRF, पुलिस, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा और गहरी खाई होने के बावजूद जवानों ने रोप रेस्क्यू तकनीक की मदद से नीचे उतरकर संयुक्त अभियान चलाया और शवों को बाहर निकाला। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है।
फाटा–बड़ासू मार्ग पर दर्दनाक हादसा को लेकर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। बताया कि एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया।
