भाजपा महिला नेताओं पर अभद्र टिप्पणी मामला,आरोपी को किया गया गिरफ्तार।

भाजपा महिला नेताओं पर अभद्र टिप्पणी मामला,आरोपी को किया गया गिरफ्तार।

देहरादून:-19 जुलाई 2026

राहुल गांधी के देहरादून में छात्रों की गूंज कार्यक्रम के बाद फेसबुक पर भाजपा महिला नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी मामला गरमा गया है। मामले में महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने डालनवाला थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। जिसके बाद आज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कोतवाली डालनवाला प्रभारी नरेंद्र गहलावत ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर जानकारी दी,उन्होंने बताया भाजपा महिला मोर्चा पदाधिकारियों की तहरीर आने के बाद आरोपी राजेंद्र सिंह रावत को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

बता दें बीते रोज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला नेताओं के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आया. इस मामले को गंभीर बताते हुए भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने देहरादून के डालनवाला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। महिला नेताओं का कहना है कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होना जरूरी है।

भाजपा महिला नेताओं के अनुसार, शनिवार सुबह उन्होंने जब अपना फेसबुक अकाउंट खोला तो ‘राजेंद्र उत्तराखंडी’ नाम से संचालित एक फेसबुक प्रोफाइल पर महिलाओं,विशेषकर भाजपा से जुड़ी महिला नेताओं के खिलाफ बेहद अशोभनीय और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने स्क्रीनशॉट के माध्यम से इस सामग्री को सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें महिला नेताओं के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया।

भाजपा नेत्री बबीता सहोत्रा ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्द इतने आपत्तिजनक हैं कि उन्हें सार्वजनिक रूप से दोहराया भी नहीं जा सकता। उनका कहना था कि महिला चाहे किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ी हो, उसका सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए. सोशल मीडिया के जरिए इस तरह की अभद्रता समाज में गलत संदेश देती है।

बबीता सहोत्रा ने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना और राजनीतिक बयानबाजी अपनी जगह है, लेकिन किसी महिला के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करना न केवल सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन है बल्कि कानून की दृष्टि से भी गंभीर विषय है।उन्होंने कहा सोशल मीडिया पर बढ़ती अभद्रता पर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता है। जिससे महिलाओं के खिलाफ इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल डालनवाला थाने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा, कमली भट्ट और महामंत्री विदुषी,हिमानी वैष्णव, बबली चौहान समेत अन्य पदाधिकारी शामिल रहीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!