अंकिता भंडारी हत्याकांड, सुरेश राठौड़ से तीन घंटे तक की सीबीआई ने पूछताछ।

अंकिता भंडारी हत्याकांड, सुरेश राठौड़ से तीन घंटे तक की सीबीआई ने पूछताछ।

हरिद्वार:-17 अक्टूबर 2026

अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के सिलसिले में शनिवार देर शाम सीबीआई की टीम ने भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से पूछताछ की। शिवालिक गेस्ट हाउस में करीब तीन घंटे तक चली पूछताछ के बाद सीबीआई की टीम रवाना हो गई। पूछताछ के बाद सुरेश राठौड़ ने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। वहीं, अभिनेत्री उर्मिला को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने उर्मिला को जानने से इनकार किया। हालांकि उन्होंने इतना जरूर कहा कि उन्होंने सीबीआई को सब जानकारी दे दी है, दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर शाम सीबीआई की टीम सुरेश राठौड़ को उनके आवास से शिवालिक गेस्ट हाउस लेकर पहुंची थी। यहां टीम ने उनसे करीब तीन घंटे तक विभिन्न सवाल पूछे। पूछताछ पूरी होने के बाद सीबीआई की टीम वहां से रवाना हो गई।पूछताछ के बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ ने कहा कि, सीबीआई ने उनसे जो भी सवाल पूछे, उन्होंने उनका सही सही जवाब दिया है। वह जांच में सहयोग कर रहे हैं और आगे भी पूरा सहयोग करेंगे।जांच एजेंसी के सवालों का जवाब देने में मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मुझे यकीन है कि दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।वहीं, उनकी कथित पत्नी अभिनेत्री उर्मिला के बारे में पूछे जाने पर सुरेश राठौड़ ने उन्हें जानने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह नहीं जानते उर्मिला कौन है और कौन नहीं है।

सुरेश राठौर से पूछताछ को लेकर अभी तक सीबीआई की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, सुरेश राठौड़ और उर्मिला सनावर के बीच बातचीत का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद यह मामला पहले भी चर्चा में रहा है। इस ऑडियो को लेकर सुरेश राठौड़ और उर्मिला सनावर के खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज किए गए थे। सुरेश राठौड़ के खिलाफ देहरादून में भी मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, एक केस में सुरेश राठौड़ की गिरफ्तारी भी हुई थी।ऑडियो वायरल होने के बाद सुरेश राठौड़ और उनकी कथित पत्नी का नाम अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़ा था। ऐसे में सीबीआई की पूछताछ को इस प्रकरण से जुड़े घटनाक्रम के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

गौर हो कि दिसंबर 2025 में सुरेश राठौड़ और उनकी कथित पत्नी उर्मिला सनावर की ऑडियो वायरल होने के बाद सुरेश राठौर के खिलाफ नेहरू कॉलोनी देहरादून, बहादराबाद कोतवाली हरिद्वार, झबरेड़ा थाना हरिद्वार और डालनवाला थाना देहरादून में चार मुकदमे दर्ज किए गए थे। जिनमें से उन्हें दो मुकदमों में हाईकोर्ट से राहत मिल गई थी. हालांकि एसआईटी ने हरिद्वार पहुंचकर पूर्व में सुरेश राठौड़ से पूछताछ की थी और गिरफ्तार कर देहरादून ले गई थी। उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भी भेजा गया था। इसके बाद उर्मिला भी एसआईटी के सामने पेश हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!