अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम हल्द्वानी गौलापार में क्रिकेट मैच के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा,आयोजक ही निकला ठग।

अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम हल्द्वानी गौलापार में क्रिकेट मैच के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा,आयोजक ही निकला ठग।

हल्द्वानी-05 फरवरी 2026

हल्द्वानी के गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाने वाले बहुचर्चित क्रिकेट मैचों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। EVCL (एंटरटेनमेंट/इवेंट क्रिकेट लीग) के बैनर तले कराए जाने वाले इन मुकाबलों में टीम बेचने और आयोजन के नाम पर लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरे फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड मैच का आयोजक विकास ढाका खुद बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, आयोजक विकास ढाका ने अलग-अलग राज्यों के लोगों को क्रिकेट टीमों की फ्रेंचाइजी/भागीदारी बेचने का झांसा दिया। इनसे लाखों रुपये वसूले गए, लेकिन न तो वैसी कोई वैध लीग थी और न ही टीमों को लेकर कोई पुख्ता दस्तावेज या आधिकारिक अनुबंध मौजूद था। इस ठगी का शिकार उत्तराखंड के पूर्व विधायक नारायण पाल सहित कई राज्यों के निवेशक और क्रिकेट से जुड़े लोग हुए हैं, जिन्होंने आयोजन की विश्वसनीयता पर भरोसा कर रकम सौंपी, इस ठगी का शिकार खेल विभाग भी हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम पर विश्वासदिलाने की कोशिश⤵️

आयोजक द्वारा यह प्रचार किया गया था कि 3 फरवरी से गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में क्रिकेट मैच आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भारत के नामी और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रचार में हरभजन सिंह, इरफान पठान, परवीन कुमार और मनप्रीत गोनी जैसे बड़े नाम शामिल किए गए। दावा किया गया कि ये सभी खिलाड़ी हल्द्वानी पहुंचकर मैच खेलेंगे। लेकिन जब समय नजदीक आया, तो न तो खिलाड़ियों की कोई आधिकारिक पुष्टि सामने आई और न ही आयोजन से जुड़े आवश्यक अनुमतियों के दस्तावेज दिखाए जा सके। शिकायत के बाद पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आयोजक विकास ढाका को होटल से पूछताछ के लिए उठा लिया।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अब बैंक लेन-देन,निवेशकों से किए गए समझौते और आयोजन से जुड़े सभी दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस ठगी में कोई और व्यक्ति या संस्था शामिल तो नहीं है। इस पूरे मामले से न सिर्फ निवेशकों को आर्थिक नुकसान हुआ है, बल्कि हल्द्वानी के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और शहर की खेल छवि को भी गहरा झटका लगा है। स्थानीय खेल प्रेमियों में भी नाराज़गी है कि क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेल के नाम पर इस तरह का फर्जीवाड़ा किया गया।

फिलहाल पुलिस की पूछताछ जारी है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ठगी की रकम, पीड़ितों की संख्या और नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।प्रशासन की ओर से भी संकेत दिए गए हैं कि बिना अनुमति और वैध प्रक्रिया के ऐसे आयोजनों पर सख्ती की जाएगी, ताकि भविष्य में खेल और खिलाड़ियों के नाम पर इस तरह की ठगी दोबारा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!