चौखुटिया में जन -आंदोलन तेज: क्रमिक अनशन के तीसरे दिन बुजुर्गों ने संभाली कमान, स्वास्थ्य-शिक्षा सुधार सहित 7 सूत्रीय मांगों पर अड़े क्षेत्रवासी।

चौखुटिया में जन -आंदोलन तेज: क्रमिक अनशन के तीसरे दिन बुजुर्गों ने संभाली कमान, स्वास्थ्य-शिक्षा सुधार सहित 7 सूत्रीय मांगों पर अड़े क्षेत्रवासी।

चौखुटिया (अल्मोड़ा):-15 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत

उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली के खिलाफ जनता का आक्रोश लगातार गहराता जा रहा है। ऐसा ही एक मामला अल्मोड़ा जनपद के चौखुटिया से सामने आया है, जहां गेवाड़ विकास समिति के तत्वावधान में चल रहा आंदोलन आज 14वें दिन भी जारी रहा। वहीं क्रमिक अनशन के आज तीसरे दिन भी पूरे जोश के साथ आंदोलनकारी धरना स्थल पर डटे रहे। क्षेत्र की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और लचर शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने सहित सात सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहे इस आंदोलन में अब समाज के बुजुर्गों ने भी आगे आकर मोर्चा संभाल लिया है।

सरकार की बेरुखी और क्षेत्र की उपेक्षा से नाराज चार बुजुर्ग आज क्रमिक अनशन पर बैठे रहे। अनशन पर बैठने वालों में राजकीय पेंशनर संगठन के जगत सिंह किरौला,रमेश चंद्र पांडे, खुशाल सिंह अटवाल और एल.डी. मठपाल शामिल रहे। इन बुजुर्गों का अनशन पर बैठना इस बात का गवाह है कि चौखुटिया और आसपास के गेवाड़ क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी से हर वर्ग त्रस्त हो चुका है।

अनशनकारी बुजुर्गों का कहना था कि,उन्होंने अपने जीवन का एक लंबा हिस्सा इस क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के इंतजार में गुजार दिया,लेकिन आज भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। अब वे आने वाली पीढ़ी के भविष्य के लिए इस लड़ाई को आर-पार तक लड़ने के मूड में हैं।

गेवाड़ विकास समिति की मुख्य मांगें⤵️

गेवाड़ विकास समिति के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि,यह आंदोलन चौखुटिया और गेवाड़ घाटी के अस्तित्व और विकास से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि,समिति ने सरकार के सामने सात सूत्रीय मांग पत्र रखा है, जिसमें मुख्य रूप से गोपाल बाबू गोस्वामी राजकीय महाविद्यालय चौखुटिया में स्नातक में विज्ञान विषय तथा स्नातकोत्तर स्तर पर अंग्रेजी तथा अर्थशास्त्र विषय प्रारम्भ करना। अगनेरी माता मंदिर मेला स्थल पर रामगंगा नदी के दोनों तटों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य कराना। उपजिला चिकित्सालय चौखु‌ठिया की डीपीआर स्वीकृत कर भवन निर्माण कार्य प्रारम्भ किया जाए,चौखुटिया में वर्ष 2016 से स्वीकृत केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना की जाए। वर्ष 2014 से स्वीकृत महिला पॉलीटेक्निक के स्थान पर राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान की स्थापना की जाए.अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मासी का उच्चीकरण किया जाये सहित रामनगर से चौखुटिया तक रेल लाइन से जोड़ा जाए प्रमुख मांगे हैं।

क्रमिक अनशन स्थल पर आज दिनभर स्थानीय व्यापार मंडल,जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का तांता लगा रहा। समिति के सदस्यों ने कहा कि यदि सरकार और स्थानीय प्रशासन ने उनकी जायज मांगों पर जल्द ही कोई ठोस और सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो इस क्रमिक अनशन को आमरण अनशन में तब्दील कर दिया जाएगा,जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

इस दौरान समिति के अध्यक्ष पूर्व जिला पंचायत सदस्य गजेन्द्र सिंह नेगी,सचिव पूर्व प्रधान जीवन सिंह नेगी ,कोषाध्यक्ष पूर्व ग्राम प्रधान दिनेश सिंह मनराल,भुवन कठायत, मौजूद रहे वहीं जिला पंचायत सदस्य किरन नेगी,पूर्व उपाध्यक्ष जिला पंचायत अल्मोड़ा कांता रावत,ब्लॉक प्रमुख नेगी, नगर पंचायत अध्यक्ष रेवती देवी,किरन बिष्ट पूर्व ब्लॉक प्रमुख चौखुटिया,अशोक कुमार, हरीश सिंह कैडा,कैलाश गिरी, मोहन सिंह,ग्राम प्रधान नीलम रावत, सहित तमाम लोगों ने आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!