चमोली में जिला योजना समिति के 18 सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू,कार्यक्रम जारी।
जिला पंचायत एवं नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों में से होगा जिला योजना समिति के सदस्यों का चयन।
नाम निर्देशन पत्र 12 अक्टूबर तक प्राप्त किए जाएंगे, 13 अक्टूबर को होगी नामांकन पत्रों की जांच तथा 16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना।
चमोली:- 10 अक्टूबर 2026
जनपद चमोली में जिला योजना समिति के सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। जिला पंचायत तथा नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों में से जिला योजना समिति के लिए कुल 18 सदस्यों का निर्वाचन किया जाना है। इसके लिए जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला योजना समिति) द्वारा निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित करते हुए सार्वजनिक सूचना जारी की गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला योजना समिति के लिए जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों में से 14 सदस्यों का निर्वाचन किया जाएगा। वहीं, नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों में से विभिन्न प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के माध्यम से 04 सदस्यों का निर्वाचन होगा। इस प्रकार जिला योजना समिति में कुल 18 सदस्य निर्वाचित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार नाम निर्देशन पत्र निर्धारित स्थानों से 12 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त किए जा सकते हैं। नाम निर्देशन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर अथवा सहायक रिटर्निंग ऑफिसर को संलग्न विवरण के अनुसार निर्धारित स्थान पर 12 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक दिए जा सकेंगे।
नाम निर्देशन पत्रों की जांच 13 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे से निर्धारित स्थान पर प्रारंभ होगी। यदि कोई उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी वापस लेना चाहता है, तो वह 14 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक स्वयं उपस्थित होकर नाम वापस ले सकता है।
यदि निर्वाचन में मतदान आवश्यक हुआ तो मतदान 16 अक्टूबर 2026 को पूर्वाह्न 08:00 बजे से अपराह्न 03:00 बजे तक निर्धारित मतदान स्थल पर कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना प्रारंभ की जाएगी।
जिला योजना समिति के निर्वाचन के लिए जनपद के नगरीय निकायों को प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत शामिल किया गया है। जारी सूचना के अनुसार⤵️
1- नगर पालिका परिषद चमोली-गोपेश्वर: नगर पालिका परिषद चमोली-गोपेश्वर एवं नगर पंचायत नंदानगर।
2- नगर पालिका परिषद ज्योतिर्मठ: नगर पालिका परिषद ज्योतिर्मठ, नगर पंचायत पीपलकोटी तथा नगर पंचायत बद्रीनाथ।
3- नगर पालिका परिषद कर्णप्रयाग: नगर पालिका परिषद कर्णप्रयाग, नगर पालिका परिषद गौचर एवं नगर पंचायत नंदप्रयाग।
4- नगर पंचायत गैरसैंण: नगर पंचायत गैरसैंण, नगर पंचायत पोखरी एवं नगर पंचायत थराली।
इन प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के माध्यम से नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों में से कुल चार सदस्यों का निर्वाचन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिला पंचायत चमोली के निर्वाचित सदस्यों में से 14 सदस्यों का चयन किया जाएगा।
निर्वाचन कार्यक्रम के अंतर्गत नामांकन प्राप्त करने, जांच, नाम वापसी, मतदान एवं मतगणना के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। जारी विवरण के अनुसार⤵️
1. नगर पालिका परिषद चमोली-गोपेश्वर: नगर पालिका परिषद चमोली-गोपेश्वर का सभागार कक्ष।
2. नगर पालिका परिषद ज्योतिर्मठ: विकास भवन का सभागार कक्ष।
3. नगर पालिका परिषद कर्णप्रयाग: जिला आपदा कार्यालय का सभागार कक्ष।
4. नगर पंचायत गैरसैंण: जिला कार्यालय कक्ष संख्या-06
5. सम्पूर्ण जिला पंचायत चमोली: जिला पंचायत का सभागार कक्ष।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा निर्धारित स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित निकायों के निर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही नोटिस बोर्ड पर भी सूचना चस्पा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पंचायत के निर्वाचन से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए जिला पंचायत सभागार कक्ष में रिटर्निंग ऑफिसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। वहीं, संबंधित कार्यालयों में निर्धारित तिथियों के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी सार्वजनिक सूचना के माध्यम से संबंधित निर्वाचित सदस्यों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी तथा मतदान की प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की जानकारी दी है। निर्वाचन की समस्त प्रक्रिया निर्धारित तिथियों एवं स्थलों पर संपन्न कराई जाएगी।
