देहरादून के मांडूवाला में 40 वर्षीय व्यक्ति की हत्या,डॉल्फिन इंस्टीट्यूट के पीछे मिला शव।
देहरादून:-03 अक्टूबर 2026
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 40 वर्षीय मदन का शव डॉल्फिन इंस्टीट्यूट के पीछे बरामद हुआ। शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या के एंगल से जांच कर रही है।
देहरादून पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला में शनिवार को 40 वर्षीय युवक का शव जंगल से बरामद हुआ है। मृतक की शिनाख्त मदन के रूप में हुई है,जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और देहरादून में मजदूरी करता था।पुलिस ने बताया कि मदन मांडूवाला क्षेत्र में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था, जो शुक्रवार शाम से लापता था, जिसका जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने आसपास के जंगलों में उसकी तलाश शुरू की थी. खोजबीन मदन का शव जंगल में मिला। प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
थाना प्रेमनगर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की जानकारी मिल पाएगी।
एसपी सिटी के अनुसार मदन के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। गले के आसपास भी चोट के निशान पाए गए हैं,पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में किस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया गया।एसपी सिटी शेखर चंद सुयाल का कहना है कि अभी मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हत्या में एक या एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका से भी जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ के साथ घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने तहरीर लेकर केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल मदन की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना में कौन लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस की जांच के बाद ही हत्या की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।
