रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना: बीस वर्षीय युवक पर अपनी नाबालिग बहन के साथ दुष्कर्म करने का आरोप।
पौड़ी गढ़वाल:-03 अक्टूबर 2026
पौड़ी गढ़वाल जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। यहां 20 साल के युवक पर अपनी ही सगी नाबालिग बहन से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा पीड़िता के गर्भवती होने पर हुआ। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार नाबालिग पीड़िता की अचानक से तबियत खराब हुई थी, जिसके बाद परिजन उसे पास के सरकारी हॉस्पिटल लेकर गए। डॉक्टरों ने जब पीड़िता का चेकअप किया तो पता चला कि वो गर्भवती है। डॉक्टरों ने जब यह जानकारी पीड़िता के परिजनों को दी तो उनके भी होश उड़ गए। इसके बाद हॉस्पिटल प्रबंधन में नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी पुलिस को दी। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी तुरंत हॉस्पिटल पहुंची,इसके बाद परिजनों और पुलिस ने जब पीड़िता से बात की तो सभी के होश उड़ गए। क्योंकि रेप करने वाला कोई और नहीं, बल्कि नाबालिग पीड़िता का सगा भाई ही था। इसके बाद पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी रमेश तनवार के अनुसार आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं, नाबालिग को सुरक्षा और संरक्षण के दृष्टिगत नारी निकेतन भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें कोई अन्य तथ्य या व्यक्ति शामिल है या नहीं, इसे लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस ने नाबालिग से संबंधित मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
