देहरादून फैमिली कोर्ट बिल्डिंग से महिला के गिरने से हड़कंप,पति से भरण-पोषण का चल रहा था विवाद।
देहरादून:-23 सितंबर 2026
देहरादून जिले के फैमिली कोर्ट परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मीनाक्षी नकोटी नाम की एक महिला कोर्ट बिल्डिंग से नीचे गिर गई। घटना में महिला के दाहिने हाथ में चोट आई है। उसे तत्काल दून मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने महिला के खुद नीचे जाने की आशंका जताई, लेकिन पुलिस ने अभी घटना को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, महिला के घायल होने के कारण फिलहाल उसका विस्तृत बयान नहीं लिया जा सका है।पुलिस पूरे मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है। महिला की स्थिति में सुधार होने के बाद उसके बयान से घटना को समझने में मदद मिलने की उम्मीद है।
एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल के अनुसार,महिला का पारिवारिक विवाद से संबंधित मामला काफी समय से न्यायालय में चल रहा था। मामले में लगातार कानूनी पैरवी भी की जा रही थी। पुलिस ने महिला से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन चोट के कारण वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। पैरवी से जुड़े लोगों के अनुसार, महिला काफी समय से पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर परेशान थी। हालांकि, पुलिस ने घटना की वजह को लेकर किसी अंतिम निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।
अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों के मुताबिक, मीनाक्षी नकोटी का विवाह 8 अक्टूबर 2019 को हरियाणा के करनाल निवासी संजीव कुमार के साथ हुआ था। शादी के बाद दोनों के बीच पारिवारिक विवाद की स्थिति बनी और मामला परिवार न्यायालय तक पहुंचा। मामले में महिला की ओर से पति से आर्थिक सहायता यानी भरण-पोषण दिलाए जाने की मांग की गई थी। इसी सिलसिले में वह कोर्ट में कानूनी प्रक्रिया के लिए पहुंची थी।
उपलब्ध न्यायालयी दस्तावेजों के अनुसार,मीनाक्षी को पति की ओर से हर महीने 5 हजार रुपये भरण-पोषण के तौर पर दिए जाने का आदेश हुआ था। महिला की ओर से अदालत में पिछली अवधि की बकाया रकम को लेकर भी मांग रखी गई। दस्तावेजों में करीब 48 महीने की बकाया राशि के रूप में 2.40 लाख रुपये की वसूली का उल्लेख है.इसके साथ ही आगे भी निर्धारित भरण-पोषण की रकम नियमित रूप से बैंक खाते में जमा कराने का अनुरोध किया गया है।
मामले से संबंधित दस्तावेजों में महिला की आर्थिक स्थिति खराब होने की बात सामने आती है। इसके अलावा उसके उपचार से जुड़े मेडिकल दस्तावेज और पर्चियों का भी उल्लेख किया गया है। फिलहाल पुलिस की जांच घटना के वास्तविक कारण का पता लगाने पर केंद्रित है। महिला के बयान और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि फैमिली कोर्ट परिसर में वह किन परिस्थितियों में बिल्डिंग से नीचे गिरी।
