शादी समारोह में शामिल होने पौड़ी आए थे चार युवक, ल्वाली झील क्षेत्र में कार गिरी,हादसे में एक युवक की मौत।
पौड़ी:-24 जून 2026
उत्तराखंड के पौड़ी जिले के ल्वाली में एक सड़क हादसा हो गया। जहां शादी समारोह से लौट रहे चार युवकों की कार अनियंत्रित होकर ल्वाली झील क्षेत्र में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि, तीन अन्य घायल हो गए. घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के मुताबिक, पौड़ी ब्लॉक क्षेत्र के कुंजेठा गांव में एक शादी समारोह आयोजित किया गया था। इस समारोह में शामिल होने के लिए कुणाल रौतेला निवासी कांडा (बागेश्वर), प्रिंस कुमार निवासी पटेलनगर, शादीपुर (नई दिल्ली) विशाल यादव और अभिषेक कुमार निवासी प्रेमनगर, नियर पटेल नगर रेलवे स्टेशन, शादीपुर (नई दिल्ली) पहुंचे थे। चारों युवक दिल्ली में नौकरी करते हैं और शादी समारोह में शामिल होने के लिए पौड़ी आए हुए थे।
कोतवाली प्रभारी जयपाल नेगी ने बताया कि मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे चारों युवक कार से कुंजेठा गांव से ल्वाली की ओर लौट रहे थे। ल्वाली में एक होटल में उनके ठहरने की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान ल्वाली के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे झील में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कार में सवार सभी चारों युवकों को बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने अभिषेक कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल कुणाल रौतेला, प्रिंस कुमार और विशाल यादव का जिला अस्पताल में उपचार किया गया।डॉक्टरों के अनुसार, तीनों की हालत खतरे से बाहर है और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर देर रात वाहन अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। इस हादसे से शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
कार हादसे में मौत⤵️
अभिषेक कुमार पुत्र भृगनाथ सिंह (उम्र 40 वर्ष), निवासी- प्रेमनगर, नियर पटेल नगर रेलवे स्टेशन, शादीपुर, नई दिल्ली।
घायलों का नाम व पता⤵️
कुणाल रौतेला, निवासी- कांडा, बागेश्वर
प्रिंस कुमार, निवासी- पटेलनगर, शादीपुर (नई दिल्ली)
विशाल यादव, निवासी- पटेलनगर, नियर पटेल नगर रेलवे स्टेशन, शादीपुर (नई दिल्ली)
