गैरसैंण के दो होनहार खिलाड़ियों ने लहराया परचम:आयुष और इशिता राष्ट्रीय अंडर-14 खो-खो प्रतियोगिता के लिए चयनित।
गैरसैंण- 16 नवंबर 2026
रिपोर्ट:-पुष्कर सिंह रावत
सूबे की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के राजकीय जूनियर हाई-स्कूल सालियाणा के दो होनहार विद्यार्थियों ने खेल के क्षेत्र में पूरे जनपद का मान बढ़ाया है। विद्यालय के छात्र आयुष और छात्रा इशिता का चयन अंडर-14 वर्ग की राष्ट्रीय स्तर की खो-खो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उनकी इस गौरवशाली उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे गैरसैंण क्षेत्र में खुशी की लहर है।
देहरादून जिले के राजकीय इंटर कॉलेज खदरी (डोईवाला) में हाल ही में राष्ट्रीय स्तर की खो-खो टीम के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किए गए थे। प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों के बीच आयुष और इशिता ने अपने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की की।दोनों खिलाड़ियों की इस सफलता के पीछे टीम मैनेजर कुमारी मंजूषा पुंडीर के कुशल मार्गदर्शन और कोच भागवत कोठियाल के कठोर परिश्रम एवं प्रशिक्षण का विशेष योगदान रहा है। छात्रों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों,जनप्रतिनिधियों और शिक्षक संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
छात्रों की इस सफलता पर विधायक कर्णप्रयाग अनिल नोटियाल,नगर पंचायत अध्यक्ष गैरसैंण मोहन भंडारी, ब्लॉक प्रमुख गैरसैंण दुर्गा रावत,पूर्व राज्य मंत्री सुरेश कुमार बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य जगदीश घण्ड्याली,प्रधान संगठन अध्यक्ष मनोज नेगी,भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष पंकज गैड़ी,जिला शिक्षा अधिकारी चमोली पंकज उप्रेती,खंड शिक्षा अधिकारी अणिनाथ, जिला खेल समन्वयक बीरेंद्र बिष्ट और ब्लॉक खेल समन्वयक नरेंद्र कुंवर,जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोज शाह,विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सरोजनी काला सहित अन्य शिक्षकगणों ने छात्रों को उनके उज्वल भविष्य की बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने विश्वास जताया है कि आयुष और इशिता राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड और चमोली जिले का नाम रोशन करेंगे।
