गैरसैंण विकासखंड की रिक्त क्षेत्र पंचायत सीट पर उप-चुनाव संपन्न,मलेठी में पड़े 581 वोट।
गैरसैंण:-12 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत
गैरसैंण विकासखंड के अंतर्गत रिक्त चल रही मलेठी क्षेत्र पंचायत सीट पर आज सोमवार को उप-चुनाव की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई. इसके साथ ही विकासखंड की दूसरी रिक्त सीट सिराणा पर पहले ही निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हो चुका है। प्रशासन अब आगामी मतगणना की तैयारियों में जुट गया है।
चुनाव अधिकारी और खंड विकास अधिकारी गैरसैंण पवन कंडारी ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि गैरसैंण विकासखंड में क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) की दो सीटें रिक्त चल रही थीं. इनमें से सिराणा क्षेत्र पंचायत सीट निवर्तमान सदस्य के असामयिक निधन के कारण खाली हुई थी, जबकि मलेठी क्षेत्र पंचायत सीट पूर्व सदस्य रेवती देवी के इस्तीफे के बाद रिक्त घोषित की गई थी.बताया कि,सिराणा सीट पर बेड़ी तल्ली निवासी शशि देवी को पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका है. इसके बाद आज केवल मलेठी सीट के लिए मतदान करवाया गया।
बता दें कि,मलेठी क्षेत्र पंचायत सीट पर इस बार दो महिला उम्मीदवारों के बीच आमने-सामने की टक्कर है. चुनावी मैदान में सोनाली और विनीता देवी अपनी किस्मत आजमा रही हैं।
सहायक नोडल अधिकारी रघुबीर लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि,इस क्षेत्र पंचायत के तहत कुल तीन ग्रामसभाएं शामिल हैं,जिसमे मलेठी ग्रामसभा,मालाई ग्रामसभा व एरोली ग्रामसभा आती है.बताया कि, मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रशासन द्वारा कुल 4 मतदान केंद्र बनाए गए थे. इनमें से मलेठी में 2 बूथ, जबकि मालाई और एरोली ग्रामसभाओं में 1-1 बूथ बनाया गया था।
बता दें कि,मलेठी सीट पर कुल 1,652 पंजीकृत मतदाता हैं,जिनमें से आज 581 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।वहीं,इस चुनाव में पुरुषों की तुलना में महिलाओं में वोटिंग को लेकर ज्यादा उत्साह देखा गया. 1,652 में से कुल 581 वोट पड़े जिसमे 809 महिला मतदाताओं में से कुल 338 महिलाओं ने वोट डाला. वहीं 843 पुरुष मतदाताओं में से 243 पुरुषों ने मतदान किया।
चुनाव अधिकारी बीडीओ पवन कंडारी ने बताया कि पूरी चुनावी प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के बेहद शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई.मतदान समाप्ति के बाद पोलिंग टीमों के गैरसैंण मुख्यालय पहुंचने पर सभी मत पेटियों को विकासखंड कार्यालय में बनाए गए सुरक्षित स्ट्रांग रूम में सुरक्षाकर्मीयों की निगरानी में रख दिया जायेगा। बताया कि,इस उप-चुनाव के नतीजों के लिए मतपत्रों की गिनती 14 अकटुबर बुधवार को सुबह 8 बजे से शुरू की जाएगी,जिसके बाद ही मालई सीट के नए विजेता के नाम की आधिकारिक घोषणा होगी।
