गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने संभाला पदभार, बोले पौड़ी मुख्यालय में रहकर करूंगा काम।
पौड़ी गढ़वाल-25 मई 2026
गढ़वाल मंडल के नव नियुक्त कमिश्नर आनंद स्वरूप ने सोमवार को पौड़ी मुख्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस दौरान जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया,अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मंडल मुख्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
कार्यभार संभालने के बाद मंडलायुक्त ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर गढ़वाल मंडल की प्रशासनिक व्यवस्थाओं, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी,साथ ही विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने गुलदार की बढ़ती घटनाओं को गंभीर विषय बताते हुए कहा कि मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के लिए व्यवहारिक और दीर्घकालिक समाधान तलाशे जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि गढ़वाल मंडल की समस्याओं के समाधान के लिए वे नियमित रूप से क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए स्पष्ट कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता पौड़ी मुख्यालय में रहकर यहीं से प्रशासनिक कार्यों का संचालन करना रहेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यालय को सक्रिय और प्रभावी बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है तथा वह अपना अधिकतम समय पौड़ी में ही देंगे।
चारधाम यात्रा को लेकर कमिश्नर आनंद स्वरूप ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की है, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर जाम और अव्यवस्था से श्रद्धालुओं को राहत दिलाने के लिए सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।कमिश्नर ने कहा कि जिन स्थानों पर यात्रियों की क्षमता निर्धारित है, वहां जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को नियंत्रित तरीके से रोका जाएगा, ताकि यात्रा सुचारु बनी रहे और किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सहज यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा। यात्रियों से यात्रा से पहले अनिवार्य पंजीकरण कराने और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
