घनसाली में बारिश के बाद दर्दनाक हादसा, गदेरे में बहा सात वर्षीय बालक।
घनसाली (टिहरी गढ़वाल):-16 सितंबर 2026
टिहरी जनपद के घनसाली तहसील क्षेत्र में मंगलवार देर शाम हुई मूसलाधार बारिश के बाद एक दर्दनाक हादसा हो गया, हादसा ग्राम दोणी के गदेरे में तेज बहाव में बहने से सात वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार आरव पुत्र अरविंद, उम्र सात वर्ष, मंगलवार देर शाम गांव के पास गदेरे में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव बढ़ने से वह उसकी चपेट में आ गया और बह गया।
सूचना मिलने पर थाना घनसाली पुलिस और एसडीआरएफ घनसाली की टीम ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। देर रात तक बालक की तलाश की गयी और बुधवार सुबह भी तलाश जारी रही।
वही,प्रभारी थानाध्यक्ष दिनेश बल्लव ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे घटनास्थल से लगभग 1 किलोमीटर दूर नदी से बालक का शव बरामद किया गया है। शव को पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को सीएचसी बेलेश्वर भेजा, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
