4 साल की मासूम दृष्टि को गुलदार ने बनाया निवाला,तीन साल पूरे कर चौथे वर्ष में रखा था कदम,मातम में डूबा पूरा गांव।

4 साल की मासूम दृष्टि को गुलदार ने बनाया निवाला,तीन साल पूरे कर चौथे वर्ष में रखा था कदम,मातम में डूबा पूरा गांव।

सतपुली (पौड़ी गढ़वाल)-03 अप्रैल 2026

तहसील चौबट्टाखाल के अंतर्गत कुंजखाल के समीप ग्राम सभा गाडरी के भतकोट गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। गुलदार ने 4 वर्षीय मासूम बच्ची दृष्टि को अपना निवाला बना लिया, जिससे गांव में मातम पसरा हुआ है।

बताया जा रहा है कि नन्ही दृष्टि ने अभी 1 अप्रैल को ही अपने जीवन के तीन साल पूरे कर चौथे वर्ष में कदम रखा था। लेकिन किसे पता था कि खुशियों का यह सफर इतनी जल्दी थम जाएगा। सामाजिक कार्यकर्ता हर्षवर्धन बिष्ट के अनुसार, गुरुवार रात करीब 8 बजे दृष्टि अपने पिता हरेंद्र सिंह, माता सविता देवी और 11 वर्षीय बड़ी बहन दीपांशी के साथ रसोई में बैठी थी। परिवार सामान्य दिनचर्या में व्यस्त था,तभी अचानक घात लगाए बैठे गुलदार ने किचन की देहली पर बैठी मासूम को झपट लिया और उसे उठाकर जंगल की ओर भाग गया। घरवालों के चीखने-चिल्लाने पर ग्रामीण तत्काल जंगल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। लगभग ढाई किलोमीटर दूर गधेरे में मासूम का शव बरामद हुआ। यह दृश्य इतना हृदयविदारक था कि जिसने भी देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।

घटना की सूचना वन विभाग और राजस्व विभाग को दे दी गई है। लेकिन लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब तक गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मार नहीं दिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। पूर्व प्रमुख पोखड़ा सुरेंद्र रावत ने भी इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार सक्रिय है और लगातार मासूम बच्चों व महिलाओं को अपना शिकार बना रहा है, लेकिन प्रशासन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पहाड़ में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर स्थिति को उजागर कर दिया है, जहां हर दिन लोगों की जान खतरे में बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!