रूस-यूक्रेन संघर्ष में गांव इब्राहिमपुर कुराड़ के 30 वर्षीय युवक अंकित की हुई मौत,रूस सेना में एजेंट ने करवाया था भर्ती।
सोनीपत (हरियाणा)-03 अप्रैल 2026
रूस-यूक्रेन संघर्ष में गांव इब्राहिमपुर कुराड़ के 30 वर्षीय युवक अंकित की मौत हो गई। अंकित गत वर्ष 13 मार्च, 2025 को अध्ययन वीजा पर रूस गया था। परिवार ने पांच लाख रुपये जुटाकर उसे पढ़ाने के लिए विदेश भेजा था। उसका स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद विदेशी भाषा में कोर्स करने का लक्ष्य था। प्रारंभिक महीनों में वह मास्को में एक होटल में कार्य करते हुए अपनी पढ़ाई भी जारी रखे हुए था।
इस बीच अंकित को एक एजेंट के माध्यम से 26 अगस्त, 2025 को रूस के एवानावा क्षेत्र में सेना में भर्ती किया गया। वहां अल्प अवधि का प्रशिक्षण देने के बाद उसे सीधे युद्ध क्षेत्र में भेज दिया गया। युद्ध के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। परिवार के अनुसार पहले अंकित व साथ के अन्य सैनिकों पर ड्रोन से हमला हुआ,जिसके बाद अंकित को गोलियां मारी गई,जिससे उसकी मौत हो गई।
रूस स्थित भारतीय दूतावास द्वारा अंकित के स्वजन को उसकी मृत्यु की सूचना दी गई। घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक व्याप्त है। गुरुवार को अंकित का शव गांव में पहुंचा जहां उसके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। अंकित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उनका एकमात्र सहारा था। उसके पिता सतपाल लंबे समय से अस्वस्थ हैं और मधुमेह के चलते उनका एक पैर काटना पड़ा था।
परिवार के पास सीमित भूमि है और आय का कोई स्थायी स्रोत नहीं है। मां गृहिणी हैं तथा दो बहनों का विवाह हो चुका है। परिजनों के अनुसार अंतिम बार 12 अक्टूबर, 2025 को उससे बातचीत हुई थी, जिसके बाद संपर्क पूरी तरह टूट गया था। अंकित के असामयिक निधन से परिवार की उम्मीदें टूट गई हैं। गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने भी निष्पक्ष जांच कराने तथा संबंधित एजेंटों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
