होटल में रुका था शादीशुदा प्रेमी जोड़ा,युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत,पुलिस जांच में जुटी।
हल्द्वानी:-21 अक्टूबर 2026
नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी में 32 साल के शादीशुदा व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि व्यक्ति अपनी प्रेमिका के साथ होटल में रुका हुआ था। होटल के कमरे में उस व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
पुलिस ने बताया कि व्यक्ति मंगलवार रात को अपनी प्रेमिका के साथ होटल में रुका था, तभी अचानक से उसकी तबियत बिगड़ गई। होटल स्टाफ ने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची और उस व्यक्ति को लेकर डॉक्टर के पास गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच की तो सामने आया कि युवक अपनी महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा था और तबीयत बिगड़ने से पहले उसने शक्ति वर्धक गोली ली थी। हालांकि, इस बात की पुष्टि और मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। जानकारी के मुताबिक युवक और महिला दोनों शादीशुदा थे।
युवक के तीन बच्चे है, जबकि महिला के भी दो बच्चे हैं। महिला मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे और महिला अक्सर युवक से मिलने हल्द्वानी आती थी। घटना से दो दिन पहले भी वह हल्द्वानी पहुंची थी। इस मेल-जोल को लेकर युवक के परिवार में पहले से विवाद चलने की बात भी सामने आई है,फिलहाल पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।
एसपी सिटी हरबंस सिंह के मुताबिक मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और बिसरा सुरक्षित रखा गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट होने का इंतजार है।
