हरिद्वार के लक्सर में दो पक्षों के बीच फायरिंग,पुलिस ने मामले की जांच की शुरू।
लक्सर (हरिद्वार):-13 अक्टूबर 2026
हरिद्वार जिले के लक्सर स्थित सीमली इलाके में मंगलवार को दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई। ताबड़तोड़ फायरिंग से पूरे इलाके में हड़कंप और दहशत फैल गई। इस दौरान पास के मकान में पुताई का काम कर रहा आशीष बाल-बाल बचा। फायरिंग में चली गोलियां पुताई की बाल्टी और मकान की दीवार पर जा लगीं. घटना के बाद से दोनों पक्षों के लोग मौके से फरार हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच चार युवक दो बाइकों पर सवार होकर सीमली इलाके में पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद एक स्थानीय युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तमंचे तान दिए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।अचानक दिनदहाड़े गोलियां चलने की आवाज सुनकर पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोग गोलियों से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे. आसपास के लोग जब तक घटनास्थल की ओर दौड़े, तब तक फायरिंग करने वाले दोनों पक्षों के लोग मौके से भाग निकले।
फायरिंग की चपेट में आने से पुताई का काम करने वाला आशीष बाल-बाल बचा। घटना वाली गली में एक मकान में आशीष पुताई का काम चल रहा था. फायरिंग के दौरान कुछ बुलेट्स पुताई की बाल्टी और दीवार पर लगी। इस घटना के बाद से आशीष और मोहल्ले के लोग काफी डरे हुए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में इस तरह दिनदहाड़े फायरिंग पहले कभी नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही लक्सर कोतवाली पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसएसआई राजेश बिष्ट और उप निरीक्षक समीर पांडे पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फायरिंग के निशानों को देखा. पुलिस को मौके से दीवार और बाल्टी पर गोलियों के निशान मिले हैं।
सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि,सीमली में फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की है,घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस दोनों पक्षों के बीच विवाद की असली वजह का पता लगा रही है. फिलहाल दोनों पक्ष फरार हैं।जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
