मलेठी क्षेत्र पंचायत उप चुनाव का परिणाम हुआ घोषित,विनीता देवी ने 200 वोटों से जीता चुनाव।
सिराणा क्षेत्र पंचायत सीट पर शशी देवी पहले ही हो चुकी हैं निर्विरोध निर्वाचित।
गैरसैंण:-14 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत
चमोली जनपद के गैरसैंण विकासखंड के अंतर्गत आने वाली मलेठी क्षेत्र पंचायत सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। इस मुकाबले में विनीता देवी ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी सोनाली को 200 मतों के भारी अंतर से शिकस्त दी। चुनाव अधिकारी पवन कंडारी ने चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा की।
बता दें कि मलेठी क्षेत्र पंचायत सीट के निवर्तमान सदस्य के इस्तीफा देने के बाद यह पद खाली हो गया था। सोमवार को इस सीट पर मतदान हुआ था। हालांकि, चुनाव में मतदाताओं का उत्साह काफी कम देखने को मिला। इस सीट पर कुल 1,652 मतदाता पंजीकृत थे। जिसमें से केवल 581 लगभग 35.1 प्रतिशत वोट पड़ा।
इस कम वोटिंग के बीच जब आज मतगणना शुरू हुई, तो विनीता देवी ने शुरुआती बढ़त से लेकर अंत तक अपना दबदबा बनाए रखा। विनीता देवी को 383 वोट, तो वहीं सोनाली को 183 वोट मिले। विनीता देवी ने यह चुनाव 200 वोटों से जीत लिया। इसमे से 15 मत रद्द हुए। मलेठी सीट के चुनावी नतीजों के साथ-साथ,ब्लॉक की सिराणा क्षेत्र पंचायत सीट पर शशी देवी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुकी थीं।
आज चुनाव अधिकारी/बीडीओ गैरसैंण पवन कंडारी ने आधिकारिक तौर पर उनके नामों की घोषणा की। परिणामों की घोषणा के बाद चुनाव अधिकारी पवन कंडारी ने बताया कि,मलेठी सीट से विजयी विनीता देवी और सिराणा सीट से निर्विरोध चुनी गईं शशी देवी आज मौजूद नही थी। दोनों विजयी प्रतियाशियों के कार्यालय आने पर उनको उनकी जीत का प्रमाण पत्र सौंपा जाएगा।
