ऊधमसिंह नगर जनपद के किच्छा में उद्यान निरीक्षक 12 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार।
किच्छा- 09 अप्रैल 2026
भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत विजिलेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्यान विभाग के ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी निरीक्षक 16 आम के पेड़ों को काटने की अनुमति देने के एवज में 12 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
मामला उस समय सामने आया जब शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से आम के पेड़ खरीदे थे, जिन्हें काटने के लिए उद्यान विभाग से अनुमति आवश्यक थी।
आरोप है कि किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र में तैनात ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक बादल पाण्डे ने अनुमति देने के बदले 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत टीम ने आज 9 अप्रैल को आरोपी को उसके कार्यालय में शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गौर हो कि कल बुधवार को अल्मोड़ा जनपद के विकास खंड लमगड़ा में तैनात लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की ट्रैप टीम ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। अभियुक्त द्वारा शिकायतकर्ता से 3 लाख रुपये के शौचालय निर्माण कार्य की एफडीआर रिलीज कराने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। टीम ने ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा में कार्रवाई करते हुए उसे रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया था।
वहीं, निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन द्वारा अपील की गयी है कि सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हैल्पलाईन नं0 1064 एवं Whatsapp हैल्पलाईन नं0 9456592300 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
