दिल्ली में ISI और अंडरवर्ल्ड नेटवर्क का पर्दाफाश,9 आतंकी गिरफ्तार।

दिल्ली में ISI और अंडरवर्ल्ड नेटवर्क का पर्दाफाश,9 आतंकी गिरफ्तार।

दिल्ली-30 मई 2026

राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े एक बड़े आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 9 आतंकियों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल की इस कार्रवाई को हाल के वर्षों की महत्वपूर्ण आतंकवाद-रोधी सफलताओं में माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित ISI और अंतरराष्ट्रीय अंडरवर्ल्ड नेटवर्क के निर्देश पर काम कर रहे थे। जांच में सामने आया है कि नेटवर्क का एक हिस्सा दाऊद इब्राहिम के इशारों पर सक्रिय था, जबकि दूसरे हिस्से का संचालन पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी द्वारा किया जा रहा था। पूरे षड्यंत्र का मास्टरमाइंड ISI को बताया जा रहा है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और पंजाब में की गई है। इनके कब्जे से अत्याधुनिक विदेशी हथियार, ग्रेनेड और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि बरामद विस्फोटक सामग्री को सीमा पार से भारत में पहुंचाया गया था।

सूत्रों का दावा है कि यह नेटवर्क देश के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा था। संभावित लक्ष्यों में पावर प्लांट, बिजली उत्पादन एवं वितरण केंद्र, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और अन्य रणनीतिक महत्व के संस्थान शामिल थे। सुरक्षा बलों के जवानों को भी निशाना बनाने की योजना होने की आशंका जताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल सेल के वरिष्ठ अधिकारी पूरे नेटवर्क की फंडिंग, हथियारों की आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की गहन जांच कर रहे हैं। एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि नेटवर्क के अन्य सदस्य देश के विभिन्न हिस्सों में सक्रिय तो नहीं हैं।

इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा स्पेशल सीपी, स्पेशल सेल द्वारा आज दोपहर 3:30 बजे पुलिस मुख्यालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में किए जाने की संभावना है।

सुरक्षा एजेंसियों की इस कार्रवाई को राजधानी और देश के संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर संभावित बड़े हमले की साजिश को विफल करने के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!