जैनी प्रकरण पर कांग्रेस की चुप्पी पर भाजपा महिला मोर्चा ने उठाए सवाल, हरक सिंह रावत को पद से हटाने की मांग।
रुचि भट्ट बोलीं- महिला सम्मान और न्याय पर कांग्रेस का दोहरा मापदंड क्यों? निष्पक्ष जांच से सामने आए सच्चाई।
देहरादून:-14 नवंबर 2026
जेनी प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कांग्रेस पार्टी और वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत पर सवाल उठाए हैं। देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत पर लगाए गए गंभीर आरोपों के साथ उनकी पत्नी दीप्ति रावत के सोशल मीडिया पर सामने आए बयान और सोनिया रावत के वक्तव्यों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस के नेता लगातार महिला सम्मान, महिला अधिकारों और न्याय की बात करते हैं, लेकिन जब सवाल अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता पर उठते हैं तो पार्टी नेतृत्व मौन क्यों साध लेता है? क्या महिला सम्मान और न्याय के सिद्धांत केवल राजनीतिक भाषणों तक सीमित हैं? उन्होंने कहा कि किसी वरिष्ठ राजनीतिक नेता पर इस तरह के गंभीर आरोप सार्वजनिक रूप से सामने आने पर निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। आरोपों को महज राजनीतिक बयानबाजी बताकर खारिज नहीं किया जाना चाहिए। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सभी संबंधित तथ्यों और सार्वजनिक बयानों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि हरक सिंह रावत को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के पद से हटाया जाए। साथ ही उन्होंने सरकार से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि महिला सम्मान उसके लिए वास्तविक नैतिक प्रतिबद्धता है या केवल राजनीतिक सुविधा के अनुसार उठाया जाने वाला मुद्दा। उन्होंने कहा कि महिला न्याय किसी भी राजनीतिक दल की राजनीति से बड़ा विषय है और किसी महिला की आवाज को राजनीतिक लाभ-हानि के तराजू पर नहीं तौला जाना चाहिए। इस दौरान प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा,महिला मोर्चा मीडिया प्रभारी डॉ. दिव्या नेगी और प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मी अग्रवाल भी मौजूद रहीं।
