बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग नंदप्रयाग में रात्रिकालीन यातायात रहेगा प्रतिबंधित,वैकल्पिक मार्ग से होगा डायवर्जन।
नंदप्रयाग (चमोली)- 12 अप्रैल 2026
आगामी चारधाम यात्रा को निर्बाध,सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित कराने को लेकर बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के नन्दप्रयाग स्लाइडिंग जोन में सुधारीकरण का महत्वपूर्ण कार्य आज से प्रारंभ किया जा रहा है। कार्य के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से उक्त स्थान पर प्रतिदिन रात्रि 9बजे से प्रातः 5 बजे तक वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी तथा इस दौरान यातायात को नन्दप्रयाग-कोठियालसैण मोटर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
महाप्रबंधक एनएचआईडीसीएल पीएमयू चमोली के द्वारा दिए गए पत्र व उपजिलाधिकारी चमोली के निरीक्षण रिपोर्ट और पुलिस के द्वारा अवगत कराया गया है कि बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के नंदप्रयाग में PQC का कार्य प्रगति पर है। वाहनों के निर्बाध आवागमन के कारण कार्य में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। इस कार्य के दौरान कार्य प्रभावित न हो, इसको देखते हुए 12 अप्रैल से 20 अप्रैल (नौ दिन) तक प्रतिदिन रात्रि 9 बजे से सुबह 5 बजे तक यातायात पूर्णतया प्रतिबंधित किये जाने तथा इस अवधि में नंदप्रयाग–सैकोट–कोठियाल सैंण चमोली मोटर मार्ग से वाहनों को डायवर्ट किये जाने की संस्तुति की गयी है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि, चारधाम यात्रा 2026 प्रारम्भ होने के दृष्टिगत बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग नंदप्रयाग में कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए जनहित को देखते हुये 12 अप्रैल से 20 अप्रैल तक रात्रि 9बजे से सुबह 5 बजे तक यातायात पूर्णतया बंद रखे जाने तथा इस अवधि में राजमार्ग के दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों को नंदप्रयाग–सैकोट–कोठियाल सैंण चमोली मोटर मार्ग से डायवर्ट किये जाने के आदेश पारित किये गए हैं। साथ ही कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया है कि उक्त अवधि में अतिरिक्त मशीनों एवं मजदूरों की संख्या बढ़ाते हुए कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
वहीं,आमजन की सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आज पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट एवं यातायात निरीक्षक दिगम्बर उनियाल द्वारा उक्त वैकल्पिक मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्ग पर स्थित बाजारों एवं बस्तियों में स्थानीय निवासियों से संवाद स्थापित करते हुए अपील की गई कि सड़क किनारे वाहनों को अव्यवस्थित ढंग से खड़ा न करें तथा अपने वाहनों को केवल चिन्हित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही पार्क करें, जिससे यातायात संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
जनपद पुलिस द्वारा समस्त वाहन चालकों एवं आमजन से अनुरोध किया गया है कि निर्धारित समय का पालन करते हुए अपनी यात्रा की योजना पूर्व में ही सुनिश्चित करें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर सहयोग प्रदान करें।
