देहरादून में नर्सिंग भर्ती आंदोलन हुआ उग्र,स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर महिला अभ्यर्थियों ने पिया जहरीला पदार्थ।

देहरादून में नर्सिंग भर्ती आंदोलन हुआ उग्र,स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर महिला अभ्यर्थियों ने पिया जहरीला पदार्थ।

देहरादून:-22 जुलाई 2026

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में वर्षवार नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन मंगलवार को अचानक गंभीर स्थिति में पहुंच गया। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के सरकारी आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे चार महिला नर्सिंग अभ्यर्थियों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ पी लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।जहरीला पदार्थ पीने वाले अभ्यर्थियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

वर्षवार भर्ती की मांग पर लंबे समय से चल रहा आंदोलन

उत्तराखंड नर्सिंग एकता मंच पिछले काफी समय से वर्षवार नर्सिंग भर्ती लागू करने की मांग कर रहा है। संगठन का कहना है कि लगातार भर्ती प्रक्रिया में देरी और उनकी मांगों की अनदेखी से हजारों नर्सिंग अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। इसी मांग को लेकर मंच लगातार प्रदर्शन और धरना-प्रदर्शन कर रहा है।

पहले पानी की टंकी पर चढ़कर भी किया था प्रदर्शन

इससे पहले भी नर्सिंग अभ्यर्थियों ने देहरादून के परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर कई घंटों तक विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान शासन स्तर पर उनकी मांगों के समाधान के लिए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया और आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए थे। हालांकि, अभ्यर्थियों का आरोप है कि अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

मंत्री आवास पर विरोध के दौरान बिगड़े हालात

बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से नर्सिंग अभ्यर्थी स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास पर पहुंचकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे थे। लेकिन लगातार समाधान न निकलने से नाराज दो युवाओं ने मंगलवार को विरोध दर्ज कराने के लिए कथित रूप से फिनाइल पी लिया। घटना के तुरंत बाद पुलिस और प्रशासन ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

महिला कांग्रेस ने भी जताया समर्थन, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया

घटना के बाद महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला भी यमुना कॉलोनी पहुंचीं और आंदोलनरत नर्सिंग अभ्यर्थियों के समर्थन में अपनी बात रखी। वहीं स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।

प्रदर्शन कर रहे नर्सिंग अभ्यर्थियों ने कहा कि,आज हम लोग यमुना कॉलोनी में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से बात करने आए थे,लेकिन वो नहीं मिले। पिछले 8 महीने से हमारा धरना चल रहा है, लेकिन आज तक भी स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने वार्ता नहीं की है। हम लोग कोई दंगा या फिर हुड़दंग करने नहीं आए थे, बल्कि यह सब पुलिस वाले कर रहे हैं। कहा कि,हम सुबह ही 20 से 25 लोग बातचीत करने आए थे, लेकिन अब तक भी मंत्री हमसे मिले नहीं है। हमारी मांग है कि वर्षवार यानी सीनियरिटी के हिसाब से भर्ती हो,क्योंकि, हमारी उम्र निकलती जा रही है।

सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी सबकी नजर

नर्सिंग भर्ती को लेकर चल रहा यह आंदोलन अब संवेदनशील मोड़ पर पहुंच चुका है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी वर्षवार भर्ती की मांग पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। दूसरी ओर, इस घटना के बाद सरकार और स्वास्थ्य विभाग की आगामी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!