गैरसैंण के भराड़ीसैंण में प्रस्तावित पांच दिवसीय बजट सत्र को लेकर तैयारियां जोरों पर।
भराड़ीसैण (गैरसैंण)-06 मार्च 2026
रिपोर्ट-प्रेम संगेला.
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में प्रस्तावित पांच दिवसीय बजट सत्र को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। विधानसभा के मुख्य परिसर सहित गैरसैंण नगर भराडीसैंण बाजार व दिवालीखाल में साफ सफाई के साथ ही दीवारों को रंग-रोगन कर चमकाया जा रहा है।
विधानसभा भवन के मुख्य दरवाजे को बरसाती पानी से बचाने के लिए एक आकर्षक डिजाइन का गेट निर्माण किया जा रहा है। गेट का निर्माण कार्य भी युद्धस्तर पर चल रहा है ,जिसको लेकर कर्मचारी दिन-रात एक किए हुए हैं। 09 मार्च से 13 मार्च तक चलने वाले सत्र के दौरान विधानसभा परिसर की चमक-दमक बढ़ाने के लिए लेजर लाईटों का भी इस्तेमाल किया जाएगा. विधानसभा परिसर की सजावट बढाने के लिए उधान विभाग द्वारा सजावटी पौधे भी भारी मात्रा में लगाए गये हैं. इस बीच नैनीताल-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग के गढ्ढो को भरने के साथ ही क्षतिग्रस्त सुरक्षा दिवारों के पुनर्निर्माण का कार्य भी जारी है. वहीं सड़कों को आकर्षक बनाने के लिए दिवारों पर रंग रोगन का कार्य भी प्रगति पर है। वहीं दूसरी ओर नगर पंचायत गैरसैंण के स्वच्छताकर्मी बड़ी संख्या में सड़कों व विधानसभा परिसर को चमकाने में जुटे हुए हैं.
बजट सत्र के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा को लेकर भी व्यवस्थाएं बनाने का कम जारी है.जिसके लिए आधा दर्जन बैरियरों का निर्माण किया जा रहा है.वहीं बैरियरों के नजदीक 100 मीटर के दायरे में कटीले तारों की बाढ़ बनाकर दोहरी सुरक्षा व्यवस्था बनाई जा रही है.दिवालीखाल में 02 भराडीसैंण में 01,विधानसभा परिसर में 01,कालीमाटी के दुगमुतासैंण व जंगलचट्टी में भी एक -एक बैरियर का निर्माण पूरा करने के लिए दिन रात काम चल रहा है।
विधानसभा प्रभारी शेखर पंत ने बताया कि मुख्य द्वार की सुरक्षा के लिए गेटकवर के निर्माण के साथ ही 50 बेड का पत्रकार आवास व महिला कर्मचारी हॉस्टल का निर्माण कार्य भी आजकल चल रहा है.वहीं भराड़ीसैंण बाजार से लगे हुए परिसर की मुख्य सडक पर भी स्वागत द्वार निर्माण का कार्य चल रहा है.विधानसभा परिसर में एक आधुनिक जिम भी स्थापित किया जा रहा है ,जिससे यहां रहने वाले कर्मचारियों को व्यायाम के साथ स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।
वहीं दूसरी और गैरसैंण के भराड़ीसैंण में आयोजित होने वाले आगामी विधानसभा बजट सत्र के दृष्टिगत जनपद चमोली में की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जिला सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए.जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए.
बैठक में वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. साथ ही सत्र के दौरान आने वाले जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया गया.
जिलाधिकारी ने दूरसंचार एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने को कहा. इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों एवं संपर्क मार्गों को यातायात के लिए पूरी तरह सुचारु रखने तथा मार्गों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को विद्युत, पेयजल, भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए. इसके अतिरिक्त सत्र के दौरान आगंतुकों की सुविधा के लिए पेयजल,बायो-टॉयलेट सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए.संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए कंटीजेंसी प्लान तैयार करने तथा व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए.जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि विधानसभा बजट सत्र के दौरान सभी विभागों द्वारा आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाया जाएगा, ताकि सत्र का संचालन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
