रामनगर छात्रसंघ चुनाव: अध्यक्ष पद के वोटों की होगी दुबारा गिनती,हाइकोर्ट ने दिए आदेश।
नैनीताल:-06 अक्टूबर 2026
उत्तराखंड हाईकोर्ट ने पीएनजी (प्यारेलाल नंदकिशोर गलबलिये) डिग्री कॉलेज रामनगर छात्र संघ अध्यक्ष पद के मतपत्रों की दोबारा गिनती (रिकाउंटिंग) के निर्देश छात्र संघ चुनाव के दौरान गठित ‘शिकायत निवारण प्रकोष्ठ’ को दिए हैं। हाईकोर्ट ने मतगणना अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की मौजूदगी में करने और मतपत्र, सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए हैं। मामले की सुनवाई वरिष्ठ न्यायधीश मनोज कुमार तिवारी की एकलपीठ में हुई।
रामनगर डिग्री कॉलेज में नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के छात्र संघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी याचिकाकर्ता सूरज रावत ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा कि, 29 सितंबर को मतदान के बाद हुई मतगणना में उनके पक्ष में दिए गए कई मतों को अवैध घोषित किया गया। जिसकी शिकायत उन्होंने उसी समय ‘शिकायत निवारण प्रकोष्ठ’ के समक्ष की। लेकिन उनकी शिकायत का प्रकोष्ठ ने संज्ञान नहीं लिया और निर्दलीय प्रत्याशी नीरज कंडारी को 5 मतों से विजयी घोषित कर दिया गया। नीरज कंडारी को 738 और याचिकाकर्ता सूरज रावत को 733 मत मिले। जबकि अखिल भारती विद्यार्थी परिषद (ABVP) प्रत्याशी विशाखा चौहान को 383 मत मिले। मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने अध्यक्ष पद के मतों की रिकाउंटिंग के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि रामनगर कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में नीरज कंडारी अध्यक्ष, ईशा नेगी उपाध्यक्ष, रोहित जोशी सचिव, नेहा शर्मा संयुक्त सचिव, सृष्टि कोषाध्यक्ष (निर्विरोध), दीपांशु आर्य सांस्कृतिक सचिव और भुवनचंद जोशी विश्वविद्यालय प्रतिनिधि ने जीत दर्ज की है।
