दुबई में इंटरपोल के हत्थे चढ़ी भगोड़े बिल्डर की पत्नी राखी मित्तल,देहरादून पुलिस कर रही है भारत प्रत्यर्पण की तैयारी।

दुबई में इंटरपोल के हत्थे चढ़ी भगोड़े बिल्डर की पत्नी राखी मित्तल,देहरादून पुलिस कर रही है भारत प्रत्यर्पण की तैयारी।

देहरादून-28 अप्रैल 2026

भगौड़े बिल्डर दीपक मित्तल की पत्नी राखी मित्तल को दुबई में इंटरपोल ने गिरफ्तार कर लिया है। राखी को दुबई पुलिस के सुपुर्द किया गया है और इसकी जानकारी दून पुलिस को दे दी गई है। अपर पुलिस महानिदेशक वी मुरुगेसन (अपराध एवं कानून व्यवस्था) के अनुसार दून पुलिस ने राखी को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की कार्रवाई शुरू करवा दी है।

हालांकि, अभी दीपक मित्तल की गिरफ्तारी नहीं कि जा सकी है। माना जा रहा है कि वह भी जल्द इंटरपोल के फंदे में फंस सकता है या पत्नी की गिरफ्तारी के बाद दबाव में सरेंडर भी कर सकता है। बिल्डर दीपक मित्तल और राखी मित्तल पुष्पांजलि इंफ्राटेक कंपनी के निदेशक थे और पार्टनर राजपाल वालिया के साथ मिलकर आर्किड पार्क नाम से सहस्रधारा रोड पर ग्रुप हाउसिंग परियोजना का निर्माण कर रहे थे। वर्ष 2020 में बिल्डर दंपती बेटे रुद्राक्ष और बेटी दीया के साथ 90 फ्लैट खरीदारों के 45 करोड़ रुपये से अधिक की रकम लेकर फरार हो गए थे।

बिल्डर के विरुद्ध फ्लैट खरीदारों ने नौ मुकदमे दर्ज कराए हैं। तभी से पुलिस बिल्डर दंपती की तलाश कर रही थी और पूर्व में बिल्डर के विरुद्ध ब्लू कार्नर नोटिस भी जारी किया गया था। बिल्डर के दुबई में होने की जानकारी निरंतर सामने आ रही थी और पुलिस के ढुलमुल रवैये पर भी सवाल खड़े हो रहे थे,जिसके बाद पुलिस के आवेदन पर नोटिस को ब्लू की जगह रेड कार्नर में तब्दील किया गया। तभी जाकर इंटरपोल ने मित्तल दंपती के लिए जाल बिछाया।

बता दें कि बिल्डर दंपती के फर्जीवाड़े पर एसटीएफ और ईडी ने भी कार्रवाई की है। एसटीएफ ने दीपक मित्तल के फरार होने के बाद उसके पिता अश्वनी मित्तल को गिरफ्तार किया था, जबकि ईडी ने निर्माणाधीन आर्किड पार्क परियोजना को अटैच कर लिया था।बिल्डर के कुछ फ्लैट भी अटैच हैं। क्योंकि, जब बिल्डर दंपती फरार हुए तो पीएनबी की इंदिरा नगर शाखा से लिया गया 21 करोड़ रुपये का ऋण भी एनपीए हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!