रुद्रपुर में चर्च के पास खड़ी कार के नजदीक दो से तीन दिन की नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली।

रुद्रपुर में चर्च के पास खड़ी कार के नजदीक दो से तीन दिन की नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली।

रुद्रपुर:-18 अक्टूबर 2026

शहर के सिंह कॉलोनी स्थित चर्च के पास खड़ी एक कार के पहिए के नजदीक दो से तीन दिन की नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। नवजात बच्ची के इस तरह मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस तत्काल हरकत में आई और बच्ची की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए। बीती देर शाम आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि सिंह कॉलोनी में चर्च के पास खड़ी एक कार के पहिए के नजदीक नवजात बच्ची पड़ी हुई है. सूचना मिलते ही आदर्श चौकी प्रभारी प्रकाश पंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपने उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। मामले की सूचना मिलने पर सीओ विभव सैनी ने चौकी प्रभारी को बिना देरी किए बच्ची को जिला अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस ने तत्काल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। बच्ची की हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. राहत की बात यह रही कि नवजात बच्ची किसी जानवर की नजर में नहीं आई और समय रहते पुलिस मौके पर पहुंच गई.सीओ विभव सैनी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि बच्ची को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। उन्होंने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन को भी सूचना दे दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे मामले में आदर्श चौकी प्रभारी प्रकाश पंत की संवेदनशीलता भी सामने आई. बच्ची को अस्पताल पहुंचाने के साथ उन्होंने उसके लिए नए कपड़े, डायपर और दूध की बोतल की व्यवस्था भी की। एक ओर जहां पुलिस बच्ची की सुरक्षा और उपचार सुनिश्चित करने में जुटी रही।नवरात्र के दौरान नवजात बच्ची के इस तरह लावारिस हालत में मिलने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है. फिलहाल पुलिस बच्ची को वहां छोड़ने वाले की पहचान करने के लिए जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!