सागर हत्याकांड का खुलासा: स्कूटी के एक स्क्रैच ने ले ली जान,24 घंटे में ऐना हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा।

सागर हत्याकांड का खुलासा: स्कूटी के एक स्क्रैच ने ले ली जान,24 घंटे में ऐना हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा।

रानीखेत (अल्मोड़ा)-11 जुलाई 2026

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र के द्वाराहाट ब्लॉक स्थित ऐना गांव में हुए 19 वर्षीय सागर सिंह हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी नहीं बल्कि गांव का ही युवक जगत सिंह बोरा निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का हथौड़ा और चाकू भी बरामद कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब दो महीने पहले एक शादी समारोह के दौरान स्कूटी में आए एक मामूली स्क्रैच को लेकर हुए विवाद की रंजिश इस खौफनाक हत्या की वजह बनी। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने उसी दिन सागर सिंह और कृष्णा सिंह को जान से मारने की ठान ली थी और मौका मिलते ही अपनी साजिश को अंजाम दे दिया।

हत्या की पूरी साजिश का खुलासा

पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय सागर सिंह मेरठ में पढ़ाई करता था और सेना की भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह करीब 10 दिन पहले अपनी बुआ जानकी देवी के घर ऐना गांव आया हुआ था। शुक्रवार शाम आरोपी जगत सिंह बोरा पहले से खरीदे गए हथौड़े और चाकू के साथ घर में घुस गया। उसने सबसे पहले सागर के सिर पर हथौड़े से जोरदार वार किया और इसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ हमला करते हुए उसका गला रेत दिया। अचानक हुए इस हमले में सागर को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सागर की चीख-पुकार सुनकर उसकी बुआ जानकी देवी और उनकी चचिया सास सबुली देवी उसे बचाने दौड़ीं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी बेरहमी से हमला कर दिया।जानकी देवी के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि सबुली देवी के गले पर चाकू से हमला किया गया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सबुली देवी की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर रात तक साक्ष्य जुटाए गए और ग्रामीणों से पूछताछ की गई। आरोपी की पहचान होने के बाद हत्या और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस टीम ने जानाडु होटल के पास से जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि स्कूटी पर आए स्क्रैच को लेकर हुए विवाद के बाद उसने बदला लेने की योजना बनाई थी। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा और चाकू भी बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी, कांस्टेबल कमल गोस्वामी, कांस्टेबल वरुण राज टम्टा और होमगार्ड आनंद सिंह शामिल रहे। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। एक मामूली स्कूटी स्क्रैच को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार एक युवक की जान ले बैठा, जबकि दो महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस अब मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!