बागेश्वर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती की संदिग्ध मौत, घर के पास पेड़ से लटका मिला शव,आत्महत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस।

बागेश्वर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ती की संदिग्ध मौत,घर के पास पेड़ से लटका मिला शव,आत्महत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस।

बागेश्वर:-03 अगस्त 2026

उत्तराखण्ड के बागेश्वर जिले की कांडा तहसील के बांसतोली गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता (बीएलओ) का शव घर के समीप स्थित खेत में पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कांडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है। वहीं बीएलओ के पति का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य के दबाव से उनकी पत्नी ने ऐसा कदम उठाया है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 47 वर्षीय कमला देवी के रूप में हुई है। रविवार को उनका शव घर के पास स्थित खेत में एक पेड़ से लटका मिला। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद कांडा थाना प्रभारी बलवंत कम्बोज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सही जानकारी सामने आ सके।

कमला देवी स्थानीय स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ती के रूप में कार्यरत थीं। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। वहीं जानकारी के अनुसार उनके पति निजी क्षेत्र में नौकरी करते हैं। इस दुखद घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। परिजनों का कहना है कि इस घटना ने पूरे परिवार को भीतर तक झकझोर दिया है।

थानाध्यक्ष बलवंत कम्बोज ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर संभावित पहलू की जांच कर रही है। परिजनों और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मामले को लेकर किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर विश्वास न करें। जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी। फिलहाल पुलिस साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि घटना की सच्चाई का पता लगाया जा सके। इसी बीच मृतका के पति पूरन राम का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने इन दिनों एसआईआर का कार्य चलने के कारण उनकी पत्नी पर काम का अत्यधिक दबाव होने का आरोप लगाया है। वीडीयो में उन्होंने कहा है कि लगातार फोन आने से वह मानसिक तनाव में थीं और इसी वजह से उनकी पत्नी ने यह कदम उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!