राज्य में कांग्रेस के पक्ष में चल रही है बदलाव की बयार-शैलजा।
गोपेश्वर (चमोली)- 09 मई 2026
रिपोर्ट-ललिता प्रसाद लखेड़ा.
उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा आज शनिवार को गोपेश्वर पहुंचीं, जहां उनका कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। दौरे के दौरान उन्होंने चमोली जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति बनाई और संगठन में नई ऊर्जा का संचार किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चमोली सुरेश डिमरी,प्रीतम सिंह,यशपाल आर्य, हरक सिंह रावत,लखपत बुटोला सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा है कि राज्य में बदलाव की बयार चल पड़ी है और लोग कांग्रेेस की ओर टकटकी निगाहें लगाए बैठे हैं। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस के खड़े होने का वक्त आ गया है।
जिला मुख्यालय गोपेश्वर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए शैलजा ने कहा कि उत्तराखंड की जनता बदलाव की मूड़ में है। इसलिए कांग्रेस की सरकार बनाने को लेकर लोगों में छटपटाहट देखने को मिल रही है। कहा कि भाजपा से लोगों को कोई उम्मींद नहीं रह गई है। इसलिए अब वक्त कांग्रेस के खड़े होने का आ गया है। भाजपा के राज में क्षेत्रीय पार्टियों का अस्तित्व समाप्ति की ओर चला जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश के सवालों को लेकर लड़ कर सरकार को आईना दिखा रहे हैं। इसके चलते भाजपा संसद में राहुल गांधी को बोलने ही नहीं दे रही है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे सरकार को ललकार रहे हैं। कहा कि विपक्ष का दायित्व जनता के सवालों को उठाना है किंतु राहुल गांधी असलियत बोल रहे हैं तो उन्हें बोलने ही नहीं दिया जा रहा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उन्होंने आम लोगों के बीच जाकर कांग्रेस की पैठ बनाने की अपील करते हुए कहा कि इसलिए ही कांग्रेस की जनता में मजबूत पकड़ भी बनेगी और लोगों का विश्वास भी मजबूत होगा। भाजपा का तो लोकतंत्र में विश्वास ही नहीं रह गया है। सरकारी मशीनरी के बल पर लोकतंत्र को कुचला जा रहा है। अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को कमरकश कर मैदान में उतरने की नसीहत दी। कहा कि जनसरोकारों से जुड़े सवालों को लेकर कार्यकर्ताओं को संघर्ष की भूमिका में रहना होगा। इसके बल पर ही कांग्रेस आम जनता के दिलों में पैठ बना सकेगी। बेरोजगारी तथा मंहगाई पर भाजपा को निशाने पर लेते हुए कांग्रेस नेत्री ने कहा कि लोगों का जीवन संकट में घिर गया है। सरकार को इन सवालों से कोई लेना देना नहीं रह गया है। भाजपाई सत्ता में मद में चूर होकर जनता की कोई परवाह ही नहीं कर रहे हैं।
भाजपा से लगातार खा रही मात के चलते मायूस हो चले कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रदेश प्रभारी सुश्री शैलजा जोश भर गई। उन्होंने यहां तक कह डाला कि अब विधानसभा चुनाव कांग्रेस कार्यकर्ताओं के रहमोकरम पर ही निर्भर करेगा। जिला मुख्यालय गोपेश्वर में पहली बार जनपदभर से आए कार्यकर्ता प्रदेश प्रभारी की बैठक में भाग लेने को उत्साह से लबरेज दिखाई दिए। इसके चलते पहली बार गुटीय वर्चस्व की झलक बैठक में नहीं दिखाई दी। इस बैठक में प्रदेश के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी के चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं में प्रदेश प्रभारी जोश भर गई। पहली बार बड़ी संख्या में कांग्रेसी इस बैठक में भाग लेने को एकजुट दिखाई दिए। इसके चलते ही प्रदेश प्रभारी यह कहने से नहीं चुकी कि अब विधानसभा चुनाव कांग्रेस वर्करों के रहमोकरम पर ही निर्भर है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्याशी नहीं अपितु कांग्रेस को सत्ता में लाने का जिम्मा कार्यकर्ताओं का होगा। इसलिए उन्हें गुटीय वर्चस्व से दूर रहकर कांग्रेस की सत्ता में वापसी के लिए समर्पित होकर काम करना होगा। कहा कि बड़े नेताओं में तो गिले शिकवे होते रहते हैं किंतु कार्यकर्ताओं में गिले शिकवे नहीं होते। इसलिए बड़े नेताओं को भी किसी तरह की बयानबाजी में संयम बरत कर अनुशासन को कायम रखना चाहिए। इसका असर सीधे कार्यकर्ताओं पर पड़ता है। कार्यकर्ताओं को उत्साह से लबरेज करने की दिशा में काम करना होगा। इसमें ही कांग्रेस का भविष्य निर्भर करेगा। कहा कि सिर पर आया विधानसभा चुनाव सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं है। अब देखना यह है कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने प्रदेश प्रभारी के निर्देशों को किस तरह अमल में लाते है। इस पर ही कांग्रेस का भविष्य निर्भर करेगा।
