उत्तराखंड के 3 पुलिस कप्तानों का जलवा,देश के टॉप-100 में बनाई जगह।
देहरादून:-16 अगस्त 2026
उत्तराखंड के लिए पुलिसिंग के मोर्चे पर बड़ी उपलब्धि सामने आ रही है। राज्य के तीन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों (Top Police Officers) की सूची में जगह बनाई है। फेम इंडिया–एशिया पोस्ट की ओर से जारी इस सूची में चमोली के एसपी सुरजीत सिंह पंवार, अल्मोड़ा के एसपी चंद्रशेखर घोडके और पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार का नाम शामिल है।राष्ट्रीय स्तर की इस सूची में उत्तराखंड के तीन अधिकारियों का चयन उनके कामकाज और नेतृत्व क्षमता को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चयन के दौरान पुलिस अधिकारियों के प्रदर्शन को कई अलग-अलग मानकों पर परखा गया।
इस आकलन में केवल अपराध के आंकड़ों को आधार नहीं बनाया गया। अधिकारियों की Leadership Skills, कानून-व्यवस्था संभालने की क्षमता, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई और यातायात व्यवस्था जैसे पहलुओं को भी देखा गया। इसके साथ ही आपदा या किसी गंभीर संकट के दौरान त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, जनता की शिकायतों का निस्तारण, पुलिस के व्यवहार, पारदर्शिता और जवाबदेही को भी मूल्यांकन में शामिल किया गया।
सर्वे के दौरान पुलिस अधिकारियों की सार्वजनिक छवि और उनके काम करने के तरीके के साथ-साथ Innovation in Policing, संकट प्रबंधन और जनता के साथ बेहतर समन्वय जैसे पहलुओं को भी महत्व दिया गया। अधिकारियों के प्रदर्शन का आकलन करने के लिए आधिकारिक आंकड़ों और प्रशासनिक जानकारियों के अलावा मीडिया रिपोर्ट, विशेषज्ञों की राय तथा विभिन्न स्तरों से मिले फीडबैक को भी आधार बनाया गया। टॉप-100 की सूची सामने आने के बाद अब चयन प्रक्रिया का अगला चरण शुरू होगा। इस सूची में शामिल अधिकारियों में से देश के 25 सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तानों (Top 25 SSP/SP) का चयन किया जाएगा। फेम इंडिया–एशिया पोस्ट के मुताबिक, टॉप-25 अधिकारियों की सूची आगामी अंक में प्रकाशित की जाएगी। चयनित अधिकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। ऐसे में अब उत्तराखंड के तीनों पुलिस अधिकारियों की नजर देश की टॉप-25 सूची में जगह बनाने पर होगी।
