तिरंगे में घर पहुंचा ITBP जवान का पार्थिव शरीर,आदिबदरी में गमगीन माहौल के बीच अंतिम विदाई।

तिरंगे में घर पहुंचा ITBP जवान का पार्थिव शरीर,आदिबदरी में गमगीन माहौल के बीच अंतिम विदाई।

आदिबद्री (चमोली)-16 सितंबर 2026

चमोली जिले के कर्णप्रयाग आदिबदरी क्षेत्र के नगली गांव निवासी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवान पंकज सिंह कठैत का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह उनके पैतृक गांव पहुंचा है। 37 वर्षीय पंकज कठैत का बीते सोमवार को हृदयाघात के कारण निधन हो गया था। तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर सेना के वाहन से नोएडा से गांव लाया गया।नसुबह करीब आठ बजे जैसे ही जवान का पार्थिव शरीर नगली गांव स्थित उनके घर के आंगन में पहुंचा, माहौल बेहद भावुक हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मां शोभा देवी और पत्नी संतोषी देवी अपने प्रियजन को तिरंगे में लिपटा देखकर बेसुध हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को संभाला।
पंकज कठैत के अंतिम दर्शन के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने नम आंखों से दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि दी।

पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए गांव से सिमली घाट ले जाया गया। करीब 20 किलोमीटर की अंतिम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। रास्ते भर लोगों ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की।

गौचर से पहुंची ITBP की टुकड़ी ने प्लाटून कमांडर दर्शन लाल के नेतृत्व में पंकज सिंह कठैत को सैन्य सम्मान दिया। जवानों ने शोक की मुद्रा में हथियार उल्टे कर दिवंगत साथी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद शोक धुन बजाई गई और सैन्य परंपरा के अनुसार हवाई फायर कर अंतिम सम्मान दिया गया।

क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल भी सिमली घाट पहुंचे और पंकज सिंह कठैत के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही। अंतिम संस्कार के दौरान दिवंगत जवान के छोटे भाई नीरज ने उन्हें मुखाग्नि दी। सैन्य सम्मान के बीच पंकज सिंह कठैत की अंतिम विदाई हुई। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल रहा और लोगों ने दिवंगत जवान की सेवाओं को याद करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!