उधमसिंह नगर में फ्रोजन मटर प्लांट में अमोनिया गैस का हुआ रिसाव,प्रशासन ने प्लांट को किया सील।
रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर):-16 नवंबर 2026
उधम सिंह नगर के सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र के पिपलिया में अमोनिया गैस का रिसाव होने के बाद फ्रोजन मटर प्लांट को सील कर दिया गया है. फैक्ट्री संचालक को दो दिन के भीतर टैंक में बची गैस की डी-गैसिंग प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, गैस लीक होने से लोगों को सांस लेने से लेकर आंखों में जलन की समस्या हुई।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात पिपलिया स्थित फ्रोजन मटर प्लांट में मशीनों की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक प्लांट में अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया. आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। गैस की दुर्गंध और धुंध फैलने से ग्रामीणों को सांस लेने में परेशानी होने लगी. जबकि, कई लोगों ने आंखों में जलन की शिकायत की।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. गैस रिसाव की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ को भी सूचना दी गई। इसके बाद गदरपुर से एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट विनीत पुरोहित अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने सुरक्षा उपायों के साथ गैस रिसाव को नियंत्रित करने का अभियान शुरू किया. लगभग पांच घंटे तक चले अभियान के बाद रिसाव पर काबू पाया गया. इसके बाद आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद रविवार को तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान और सहायक निदेशक कारखाना अमन सिंह ने फैक्ट्री पहुंचकर निरीक्षण किया।अधिकारियों ने अमोनिया गैस से संबंधित क्षेत्र का जायजा लेते हुए उसे फिलहाल सील कर दिया।
तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि,फैक्ट्री में मशीनों की मरम्मत के दौरान अमोनिया गैस का रिसाव हुआ था।एहतियात के तौर पर गैस से संबंधित क्षेत्र को सील कर दिया गया है। फैक्ट्री संचालक को दो दिन के भीतर टैंक में बची हुई गैस की डी-गैसिंग प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल, प्रशासन की ओर से संबंधित क्षेत्र में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फैक्ट्री को सील करने समेत आवश्यक कदम उठाए गए हैं,जबकि, इस घटना के बाद ग्रामीणों में गैस रिसाव को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्हें डर सता रहा है कि कहीं फिर से गैस लीक न हो जाए।
