उत्तराखंड पुलिस को पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए मिला इंस्टिट्यूशनल परफॉर्मेंस अवार्ड।
देहरादून-20 जून 2026
पासपोर्ट सत्यापन में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय सम्मान मिला. एडीजी प्रशासन ने विदेश मंत्री से ‘Institutional Performance Award for State Police’ (इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवार्ड फॉर स्टेट पुलिस) ग्रहण किया. साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उत्तराखंड पुलिस को वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में उत्कृष्ट और प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए भारत सरकार द्वारा ‘Institutional Performance Award for State Police’ (राज्य पुलिस के लिए संस्थागत प्रदर्शन पुरस्कार) से सम्मानित किया गया है. यह प्रतिष्ठित सम्मान देशभर में पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन संबंधी प्रदर्शन के आधार पर प्रदान किया गया। नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में शुक्रवार 19 जून को आयोजित समारोह में विदेश मंत्री डॉ. एस जय शंकर द्वारा उत्तराखंड पुलिस की ओर से एपी अंशुमान अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन को यह सम्मान प्रदान किया गया।
डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि,यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस द्वारा पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए किए गए सतत प्रयासों का परिणाम है। पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी जिलों में पासपोर्ट सत्यापन कार्यों की नियमित समीक्षा, तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण सत्यापन करने पर विशेष बल दिया गया. जिसके फलस्वरूप उत्तराखंड पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखंड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि,नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह उपलब्धि उसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सफलता का प्रतीक है. उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी उत्तराखंड पुलिस नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाती रहेगी।
