उत्तराखंड कांग्रेस का 28 जून से प्रदेशव्यापी जन जागरूकता अभियान होगा शुरू,10 जिलों को 4 जोन में बांटा गया।

उत्तराखंड कांग्रेस का 28 जून से प्रदेशव्यापी जन जागरूकता अभियान होगा शुरू,10 जिलों को 4 जोन में बांटा गया।

देहरादून:-20 जून 2026

कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी बिगुल फूंक दिया है. कांग्रेस 28 जून से सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रदेशव्यापी जन जागरूकता अभियान चलाने जा रही है।कांग्रेस का ये चुनाव प्रक्रिया का पहला चरण होगा। इस अभियान के तहत कांग्रेस प्रत्येक विधानसभाओं में आम जन के साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भी सीधा संवाद स्थापित करने जा रही है. प्रथम चरण में प्रदेश की 10 जिलों को 4 जोन में बांटकर यह अभियान चलाया जाएगा।

शनिवार 20 जून को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने संयुक्त रूप से बताया कि, मुख्य विपक्षी दल होने के नाते कांग्रेस जनता के बीच जाकर प्रदेश की हकीकत बताने जा रही है। कांग्रेस के सभी नेता अलग-अलग विधानसभाओं में जाकर बदहाल शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक मामले, महंगाई, बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर लोगों को जागरूक करने का काम करेंगे।

चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि,सरकार की विफलताओं को कांग्रेस के नेता प्रमुख रूप से विधानसभा क्षेत्रों में जाकर आमजन के बीच में रखने का काम करेंगे। पहले जोन पर पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत को रखा गया है. इन जिलों को कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल लीड करने जा रहे हैं. दूसरे जोन में रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल और चमोली को रखा गया है, जिसे चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और तमाम बड़े नेता अभियान को लीड करने का काम करेंगे। जबकि कांग्रेस ने उत्तरकाशी, टिहरी जिलों को तीसरी जोन में रखा है, इन जिलों में खुद प्रीतम सिंह और अन्य बड़े नेता अभियान का नेतृत्व करेंगे। इसी तरह अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों को पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा लीड करेंगे, इन दोनों जिलों को पार्टी ने चौथे जोन में रखा है।

प्रीतम सिंह ने बताया कि, पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को इस बात के लिए छूट दी है कि दोनों नेता चारों जोन में से कहीं भी जाकर इस अभियान में हिस्सा ले सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस का यह प्रयास रहेगा कि दोनों नेता 4 जोन में बांटे गए जिलों पर जाएं, ताकि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ इस अभियान को सफल बना सके. कांग्रेस ने दावा किया है कि इस अभियान से सरकार की सच्चाई जनता के सामने आएगी और प्रदेश में परिवर्तन की लहर चलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!