उत्तराखण्ड में फिर भूकंप के तेज झटकों से डोली धरती,जोशीमठ में था केंद्र पौड़ी,टिहरी तक महसूस हुए झटके।
चमोली:-18 नवंबर 2026
उत्तराखण्ड में अभी-अभी धरती भूकंप के तेज झटकों से डोल उठी है। बताया गया है भूकंप के ये तेज झटकें बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे के आसपास चमोली, पौड़ी एवं टिहरी गढ़वाल जनपदों में महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 4.1 मैग्नीट्यूड बताई जा रही है। फिलहाल अभी तक भूकंप से जन-धन की हानि की कोई अप्रिय सूचना सामने नहीं आई है।
बता दें कि राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केन्द्र ने भूकंप की पुष्टि करते हुए बताया कि भूकंप के ये झटके बुधवार सुबह 10 बजकर 21 मिनट पर महसूस हुए। नेशनल सेंटर आफ सिस्मोलाजी के मुताबिक भूकंप का केंद्र चमोली जिले में गोपेश्वर से 14 किमी दूर जमीन की सतह से 10 किमी गहराई में बताया गया है जबकि इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 मैग्नीट्यूड आंकी गई है। भूकम्प के ये झटके चमोली जिले के साथ ही टिहरी गढ़वाल और पौड़ी जनपदों के विभिन्न हिस्सों में भी महसूस किए गए। भूकंप महसूस होते ही जहां लोग सारे कामकाज छोड़कर घरों से बाहर की ओर दौड़ पड़े वहीं सोशल मीडिया पर भी एक-दूसरे को जागरूक करते एवं कुशलक्षेम पूछते नजर आएं। फिलहाल अभी तक भूकंप से हुए नुकसान की कोई सूचना नहीं है। एहतियाती तौर पर चमोली, टिहरी और पौड़ी जिला प्रशासनों ने तहसील स्तर के अधिकारियों से भूकम्प से हुए नुकसान की रिपोर्ट तुरंत भेजने हेतु निर्देशित किया है। ताकि भूकंप से हुए नुकसान का आकलन किया जा सके।
