उत्तरकाशी और बागेश्वर में महसूस किए भूकंप के झटके,घरों से बाहर निकले लोग,अलर्ट पर प्रशासन

उत्तरकाशी और बागेश्वर में महसूस किए भूकंप के झटके,घरों से बाहर निकले लोग,अलर्ट पर प्रशासन।

उत्तरकाशी:-10 अक्टूबर 2026

जनपद मुख्यालय उत्तरकाशी सहित यमुनोत्री घाटी के अलावा बागेश्वर में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। शनिवार रात करीब 8 बजकर 7 मिनट पर अचानक धरती डोलने से लोगों में दहशत फैल गई. भूकंप का झटका महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. इस दौरान कई लोग घबराकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे। कुछ देर तक लोगों के बीच भूकंप को लेकर चर्चाएं होती रहीं. हालांकि, भूकंप की तीव्रता, केंद्र और इससे हुए संभावित नुकसान की आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। उत्तरकाशी जनपद मुख्यालय में रात के समय अचानक आए भूकंप के झटके से लोग सहम गए. घरों के भीतर मौजूद लोगों को जब कंपन महसूस हुआ तो वे तत्काल बाहर निकल आए। वहीं, यमुनोत्री घाटी के खरसाली गांव में भी भूकंप का असर महसूस किया गया।

गांव के तीर्थ पुरोहित पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया रात करीब 8 बजकर 7 मिनट पर भूकंप का तेज झटका महसूस हुआ। उन्होंने बताया कि झटके इतने स्पष्ट थे कि घर के भीतर रखे टीवी हिलते हुए दिखाई दिए. कंपन महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. अचानक आए झटके के बाद लोगों में कुछ देर तक भय का माहौल बना रहा। लोग एक-दूसरे से भूकंप महसूस होने की जानकारी लेते रहे। पहाड़ी क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस होने के कारण लोग किसी संभावित खतरे को लेकर भी चिंतित नजर आए. हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।

उत्तरकाशी में भूकंप की तीव्रता 4.2 मैग्नीट्यूड दर्ज की गई तो वहीं बागेश्वर में 2.8 दर्ज हुई है. आपदा प्रबंधन विभाग उत्तरकाशी के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 मापी गई है. भूकंप का केंद्र जनपद मुख्यालय बसुंगा गांव के जंगलों में बताया जा रहा है, जिसकी गहराई धरती से लगभग 10 किलोमीटर नीचे थी.उत्तरकाशी जनपद भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र में स्थित है. ऐसे में भूकंप के झटके महसूस होने पर लोगों में स्वाभाविक रूप से चिंता बढ़ जाती है. विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप के दौरान घबराने के बजाय सावधानी बरतना जरूरी है. झटके महसूस होने पर घर के भीतर सुरक्षित स्थान पर रहना चाहिए. मजबूत मेज के नीचे सिर तथा गर्दन को ढककर बैठना चाहिए। खिड़कियों, कांच और भारी सामान से दूरी बनाए रखनी चाहिए. झटके रुकने के बाद ही सीढ़ियों का इस्तेमाल करते हुए खुले स्थान पर निकलना चाहिए तथा लिफ्ट का प्रयोग नहीं करना चाहिए।

आपदा प्रबंधन अधिकारी, उत्तरकाशी शार्दूल गुसाईं ने बताया कि,जनपद में भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना के बाद सभी तहसीलों, थाना और चौकियों से जानकारी जुटाई गई है. फिलहाल जनपद में भूकंप से किसी भी प्रकार की जन-धन की क्षति होने की सूचना नहीं है. तहसील मोरी और पुरोला क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी भी नहीं मिली है. वर्तमान में जनपद में स्थिति सामान्य है। फिलहाल भूकंप की तीव्रता और उसके केंद्र से संबंधित आधिकारिक जानकारी का इंतजार है. प्रशासन की ओर से नुकसान के संबंध में जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!