मौसम अपडेट उत्तराखंड- उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज,आने वाले दिनो में प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना।
उत्तराखंड-16 जनवरी 2026
उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी इलाकों में घने कोहरे और पर्वतीय क्षेत्रों में पाले के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में तेज धूप खिलने से दिन के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव भी देखने को मिल रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दिनो में प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, शुक्रवार से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम करवट बदल सकता है और वर्षा-बर्फबारी संभव है। पहाड़ से मैदान तक सुबह-शाम कड़ाके की ठंड जारी है और पारे में भारी गिरावट से जनजीवन प्रभावित है।
हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं घने से बहुत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इसके अलावा नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून जनपदों के मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट के चलते कहीं-कहीं पाला पड़ने की आशंका है. वहीं,ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में शीत लहर चलने की चेतावनी है। आगामी शुक्रवार को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने का अनुमान है.इसके प्रभाव से उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा तथा 3400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। हालांकि राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है।
