देहरादून में बिजली का खंभा लगाते समय लाइन से चिपके 5 कर्मचारी,1 की मौत 4 झुलसे।
देहरादून:-16 जून 2026
कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को ओम सिटी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों के साथ भीषण हादसा हो गया। आरडीएसएस योजना के तहत बिजली के काम के लिए कंपनी के अधीन काम करने वाले 05 कर्मचारी खंभा लगा रहे थे, उसी दौरान पास से गुजर रही 11 हजार की लाइन से खंभा छू गया जिससे खंभे में करंट फैल गया। पांच कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना में एक कर्मचारी की मौके पर मौत हो गई. चार कर्मचारियों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक और झुलसे हुए सभी यूपी के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार ओम सिटी के पास आरडीएसएस योजना के तहत बिजली का काम चल रहा था। कंपनी के अधीन काम करने वाले कर्मचारी खंभा लगा रहे थे। इसी दौरान पास से गुजर रही 11 हजार की लाइन से खंभा छू गया। इससे खंभे में करंट फैल गया और पांच कर्मचारी झुलस गए। करंट इतना तेज था कि एक कर्मचारी उमेश कुमार निवासी अमरोहा, यूपी की मौके पर ही मौत हो गई. पप्पू, जसमान सहित चार कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। मौके से सभी को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां चार कर्मचारियों का इलाज चल रहा है. यह कर्मचारी कंपनी के अधीन ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहे थे और आरडीएसएस योजना में खंभा लगा रहे थे।
पुलिस द्वारा बताया गया कि,अस्पताल से सूचना मिली थी कि करंट लगने से कर्मचारियों को भर्ती कराया गया है, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो चुकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सभी कर्मचारी पथरीबाग स्थित ओम सिटी के पास काम कर रहे थे। मृतक उमेश कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।सभी लोग यूपी के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं। घटना रविवार को हो गई थी, लेकिन मीडिया को इसका पता आज चला है। पुलिस का कहना है कि किसी की ओर से मुकदमा नहीं लिखवाया गया।
